इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश एक वर्ष में दो शहरों में मेट्रो ट्रेन संचालन शुरू करने वाला देश का पहला प्रदेश बन गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 का दिसंबर माह, विशेषकर उसका अंतिम सप्ताह, मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इंदौर और भोपाल के मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के विकास को वर्ष 2047 के विजन के अनुरूप एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि मेट्रो परियोजनाएं शहरी परिवहन के साथ-साथ आर्थिक और औद्योगिक विकास को भी गति देंगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इसी सप्ताह ग्वालियर में उद्योग जगत के लिए भी एक महत्वपूर्ण दिन आने वाला है, जिससे प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य को नई दिशा मिलेगी।डॉ. यादव ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि प्रदेश को चार नए मेडिकल कॉलेजों की सौगात मिलने जा रही है। इन मेडिकल कॉलेजों का भूमिपूजन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा किया जाएगा, जिससे प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर में आयोजित यंग एंटरप्रेन्योर्स फोरम समिट 2025 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया और कहा कि राज्य सरकार निवेश, उद्योग और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान कर रही है।
