
भोपाल। झीलों की नगरी भोपाल अब कल से सार्वजनिक परिवहन के एक नए युग में प्रवेश करने जा रही है। शनिवार, 20 दिसंबर को राजधानी को उसकी पहली मेट्रो रेल सेवा की सौगात मिलने जा रही है, जो शहर की गतिशीलता, पर्यावरण और शहरी जीवनशैली को नई दिशा देगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल शाम 4 बजे कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में भोपाल मेट्रो का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जिसमें दोनों नेता स्वयं यात्रा भी करेंगे। कार्यक्रम के समापन पर एम्स परिसर में प्रेस को संबोधित किया जाएगा। इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद रहेंगे।
30.8 किलोमीटर लंबी भोपाल मेट्रो परियोजना राजधानी के लिए केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि शहरी विकास का आधार स्तंभ मानी जा रही है। ऑरेंज लाइन और ब्लू लाइन के जरिए प्रमुख आवासीय, शैक्षणिक और व्यावसायिक क्षेत्रों को जोड़ा जाएगा, जिससे सड़कों पर बढ़ते यातायात दबाव में कमी आएगी और प्रदूषण घटेगा।
पहले चरण में ऑरेंज लाइन के 7 किलोमीटर लंबे प्रायोरिटी कॉरिडोर का संचालन शुरू होगा, जिसमें एम्स से लेकर सुभाष नगर तक 8 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। यह मार्ग रोजमर्रा के सफर को तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाएगा।
10,033 करोड़ रुपये की इस परियोजना में स्मार्ट तकनीक, दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं, एआई आधारित सुरक्षा और हरित ऊर्जा का उपयोग किया गया है। भोपाल मेट्रो का आगमन राजधानी को स्मार्ट, हरित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
