दिल्लीवासियों के सहयोग से राजधानी को बनायेंगे स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त : इन्द्राज

नयी दिल्ली: 19 दिसम्बर (वार्ता) दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली सरकार स्वच्छता बढ़ाने और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर लगातार प्रयास कर रही है।

श्री इंद्राज ने आज बवाना के वार्ड–30 में स्वच्छता व्यवस्था और प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों, नालियों, कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार स्वच्छता बढ़ाने और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर लगातार प्रयास कर रही है। वायु प्रदूषण में कमी लाने के लिए सरकार द्वारा वाहनों से सड़क की सफाई, नियमित पानी का छिड़काव, धूल नियंत्रण, कचरा प्रबंधन को मजबूत करना, खुले में कचरा जलाने पर सख्त कार्रवाई, हरित क्षेत्रों का विस्तार तथा निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कूड़े का समयबद्ध और नियमित उठान सुनिश्चित किया जाए। नालियों की नियमित सफाई कर जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत दें। प्रदूषण फैलाने वाली गाड़ियों की नियमित जांच कर मानकों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

श्री इन्द्राज ने आमजन से भी प्रदूषण नियंत्रण में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ दिल्ली का संकल्प, आमजन के सहयोग से ही पूरा होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि खुले में कचरा या अलाव न जलाएँ, वाहनों का नियमित प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र (पीयूसी) बनवाएँ, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखें और सरकार द्वारा जारी पर्यावरण से जुड़े दिशानिर्देशों का पालन करें।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है। दिल्ली सरकार जनभागीदारी के माध्यम से प्रदूषण-मुक्त, स्वच्छ और स्वस्थ राजधानी की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

 

 

Next Post

प्रियंका मूंदडा ने ग्वालियर के सौंदर्य की पताका अमेरिका में फहराई

Fri Dec 19 , 2025
ग्वालियर। ग्वालियर की बेटी प्रियंका मूंदडा ने अमेरिका के प्रमुख शहर आटलांटा में आयोजित मिसेज इंडिया इन यूएसए प्रतियोगिता में अनेकों प्रतिद्वंदियों को पीछे छोडते हुए मिसेज इंडिया इन यूएसए का खिताब जीत लिया. वे प्रतियोगिता की विनर घोषित की गईं। भारतीय मूल की कमलेश चुघ द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित […]

You May Like