अशोकनगर:आरा मशीन और अवैध लकड़ी चिरान के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। दरअसल उपवनमंडलाधिकारी आदित्य शांडिल्य के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने शहर के व्यस्तम इलाके विदिशा रोड तारा सदन स्कूल के सामने अवैध रूप से संचालित हो रही एक आरा मशीन आरा मिल पर औचक निरीक्षण कर उसे पूरी तरह से सील कर दिया है। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग को लंबे समय से तारा सदन स्कूल के सामने विदिशा रोड क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस और दस्तावेजों के आरामशीन संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं।
रिहायशी और शैक्षणिक क्षेत्र के समीप होने के कारण मामले की गंभीरता को देखते हुए उपवनमंडलाधिकारी आदित्य शांडिल्य ने एक विशेष टीम का गठन किया। जिसके चलते औचक निरीक्षण किया गया, जहां आरामशीन का संचालक काशीराम विश्वकर्मा से जुड़े वैध दस्तावेज, अनुज्ञप्ति लाइसेंस और लकड़ी के आवक जावक के रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका। जिसके बाद कार्यवाही को अंजाम दिया गया। इस कार्रवाई में उपवनमंडलाधिकारी के साथ वनपरिक्षेत्राधिकारी अशोकनगर ऋषि प्रजापति, स्थानीय वन अमला देवेन्द्र कुमार टिटोरिया डिप्टी रेंजर ईसागढ़, वनरक्षक राघवेन्द्र रघुवंशी, रविन्द्र शर्मा, राजाराम राय अन्य वन अमला सुरक्षा बल के साथ मुस्तैद रहा।
सामग्री जब्त, मप्र काष्ठ चिरान अधिनियम के तहत मामला दर्जः
कार्यवाही के दौरान वैध दस्तावेज न होने पर वन विभाग की टीम ने
तत्काल कार्रवाई करते हुए आरामशीन को सील कर दिया। इसके साथ ही मौके पर मौजूद अवैध लकड़ी और मशीनरी को जब्त कर लिया गया है। विभाग द्वारा संचालक के खिलाफ मध्यप्रदेश काष्ठ चिरान (विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई से शहर के अवैध लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
इनका कहना है
अवैध रूप से बिना लाइसेंस के आरा मिलों का संचालन पूरी तरह से गैरकानूनी है। शहर के बीचों-बीच या जिले में कहीं भी इस तरह की अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। आने वाले दिनों में भी यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
आदित्य शांडिल्य,
उपवनमंडलाधिकारी, अशोकनगर
