बीएचईएल लेडीज क्लब ने जरूरतमंदों को कंबल व फल वितरित किए

भोपाल: कड़ाके की सर्दी के मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से बीएचईएल लेडीज क्लब की अध्यक्ष रोजी उपाध्याय के नेतृत्व में स्किल डेवलपमेंट सोसायटी एवं बीएचईएल लेडीज कामगार वेलफेयर सोसायटी द्वारा महात्मा गांधी कुष्ठ आश्रम में मानवीय सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर आश्रम में रह रहे 52 आश्रितों को फल एवं कंबलों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती रोजी उपाध्याय ने कल्याणकारी गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेसहारा और वंचित वर्ग की सहायता करना एक पुण्य का कार्य है। ऐसे प्रयास न केवल सामाजिक सौहार्द को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि हमें अधिक संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से एक समावेशी और सशक्त समाज के निर्माण में सहयोग मिलता है।

उपाध्यक्ष (स्किल) योगिता बघेल ने कहा कि स्किल डेवलपमेंट का उद्देश्य केवल बेरोजगारों को रोजगारोन्मुख बनाना ही नहीं, बल्कि उन वर्गों की सहायता करना भी है जो दैनिक आवश्यक संसाधनों से वंचित हैं। वहीं उपाध्यक्ष (कामगार) मंजू पटेल ने कहा कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति की अपनी भूमिका होती है और गरीब व बेसहारा लोग भी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं।

इस अवसर पर दोनों सोसायटियों की कई पदाधिकारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन खैरुनिशा द्वारा किया गया।

Next Post

डकैती को लेकर सराफा व्यापारियों में आक्रोश, पुलिस अधीक्षक कार्यालय घेरा

Fri Dec 19 , 2025
जबलपुर। पनागर थाना अंतर्गत सोनिया ज्वेलर्स के पीछे गली जयप्रकाश वार्ड पनागर कमानिया गेट के पास 16 दिसम्बर की रात्रि सोने चांदी के जेवरों से भरे थैले लूट कर भागे डकैतों की गिरफ्तारी और वारदात से सराफा व्यापारियों में आक्रोश है आज उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया। व्यापारियों […]

You May Like