सीहोर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई.
बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने कहा कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी. कलेक्टर ने कहा कि तेज गति से वाहन चलाना दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण होता है, इसलिए हाइवे एवं प्रमुख मार्गों पर टोल नाकों के आसपास स्पीड रडार गन के माध्यम से ओवर स्पीडिंग करने वालों पर कार्रवाई की जाए. कलेक्टर ने नगर सहित अन्य शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात को प्रभावित करने वाले अतिक्रमणों को चिन्हित कर योजनाबद्ध तरीके से हटाने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित करें और वहां विशेष सुरक्षा उपाय लागू करें. इसके साथ ही यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाएं.
