मेलबर्न 18 दिसंबर (वार्ता) प्लेयर ऑफ द मैच मार्कस स्टॉयनिस (नाबाद 62) और कैंपबेल केलावे (नाबाद 41) की तूफानी पारियों के दम पर मेलबर्न स्टार्स ने होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ आठ विकेट से शानदार जीत के साथ अपने बिग बैश लीग ( बीबीएल) 2025-26 अभियान की शुरुआत की।
आज यहां मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर खेले गये मुकाबले में स्टार्स ने हरिकेंस को 158/9 पर रोकने के बाद, चार ओवर शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी हरिकेंस की शुरुआत खराब रही। उसने मिच ओवेन और रेहान अहमद दोनों को जल्दी खो दिया। इसके बाद निखिल चौधरी छठे ओवर में जल्द ही आउट हो गए। उस समय टीम का स्कोर 36/3 था ऐसे संकट के समय बेन मैकडरमॉट और टिम डेविड के बीच 83 रन की साझेदारी ने उनकी पारी को संभाला, लेकिन स्टार्स की अनुशासित गेंदबाजी ने उन्हें हावी नहीं हो दिया। जब हरिकेंस को एक बड़ी साझेदारी के बाद एक मजबूत फिनिश की उम्मीद थी उसी समय 16वें ओवर में टिम डेविड (31) को खो दिया। 18वें ओवर में मैकडरमॉट का विकेट गिरने से टीम बिखर गई और वे 140/4 से 157/9 पर आ गए।
इसके जवाब में, मेलबर्न स्टार्स के थॉमस रोजर्स ने तेज शुरुआत की और पहले ही ओवर में दो चौके लगाए। दोनों ओपनर बाउंड्री लगाते रहे और 46 रन की साझेदारी की, रिशाद हुसैन ने छठे ओवर में थॉमस रोजर्स (30) को आउट किया। आठवें ओवर में रिशाद हुसैन ने जो क्लार्क (20) को भी अपना शिकार बना लिया। मार्कस स्टोइनिस क्रीज पर आते ही गेंदबाजी पर हावी हो गए और उन्होंने 31 गेंदों में नाबाद 62 रन बनाए, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे। इस बीच, कैंपबेल केलवे ने स्थिर समर्थन दिया और 27 गेंदों में 41 रन बनाकर नाबाद रहे। क्रिस जॉर्डन द्वारा फेंके गए 16वें ओवर में स्टोइनिस ने 22 रन बनाकर जीत पक्की कर दी। स्टोइनिस ने 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।
संक्षिप्त स्कोर: होबार्ट हरिकेंस 20 ओवर में 158/9 (बेन मैकडरमॉट 69, टिम डेविड 31; पीटर सिडल 3-30) मेलबर्न स्टार्स 16 ओवर में 159/2 (मार्कस स्टोइनिस नाबाद 62, कैंपबेल केलवे नाबाद 41, रिशाद हुसैन 2-33) ।
