सिंहस्थ पूर्व संभाग भर के धार्मिक स्थलों का होगा कायाकल्प

उज्जैन: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर प्रदेश सरकार ने उज्जैन के सर्वांगीण विकास का खाका तैयार कर लिया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विजन के अनुसार, करीब 30 हजार करोड़ रुपये की राशि से उज्जैन नगरी और आसपास के क्षेत्रों का कायाकल्प किया जा रहा है. इस महाभियान के तहत केवल शहर ही नहीं, बल्कि जिले की सभी सात तहसीलों के धार्मिक स्थलों को भी विकसित किया जाएगा.

उज्जैन को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए यहाँ इंफ्रास्ट्रख्र में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं. शहर में सड़कों के चौड़ीकरण के साथ ही मेट्रो रेल, रोप-वे, नया एयरपोर्ट और हेलीपैड का निर्माण प्रस्तावित है. इसके साथ ही आर्थिक विकास के लिए आईटी पार्क, यूनिटी मॉल और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से निवेश लाया जा रहा है. स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिसिटी की स्थापना की जा रही है.
धार्मिक स्थलों का डाटा करेंगे तैयार
उज्जैन जिला प्रशासन अब जिले की सभी 7 तहसीलों के मंदिरों और धार्मिक स्थलों का डेटाबेस तैयार कर रहा है. इसके लिए एक विशेष समिति का गठन किया जाएगा, जो तहसीलों और संभाग के प्रसिद्ध मंदिरों की जानकारी एकत्रित करेगी. जहाँ आवश्यकता होगी, वहां नवनिर्माण किया जाएगा.
श्रद्धालुओं की सुविधा जुटाएंगे
जिले भर के धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर राशि खर्च की जाएगी, जिसमें प्रवचन हॉल, सभा मंडप, सभागृह, पानी, बिजली, सड़क व शौचालय जैसी सुविधाओं का निर्माण शामिल है. मध्य प्रदेश सरकार इसके लिए जरूरी बजट जारी करेगी.
कार्य योजना बनाने में जुटे अफसर
इस पूरी योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है. संभाग आयुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा की टीम इस कार्ययोजना पर काम कर रही है.
मुख्यमंत्री को जाएगी रिपोर्ट
समिति बनाने के साथ ही धार्मिक संचनालय और धर्मस्व विभाग द्वारा एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसे जल्द ही मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा. लक्ष्य यह है कि सिंहस्थ में आने वाले लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं को जिले के अन्य देवालयों में भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें

Next Post

नववर्ष से पहले बेकरी संचालकों पर सख्ती, नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई

Thu Dec 18 , 2025
जबलपुर: नववर्ष के अवसर पर केक व बेकरी उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने जिले के सभी केक एवं बेकरी निर्माताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के […]

You May Like