प्याज के कम भाव को लेकर मंडी में हंगामा

तीन बार रुकी नीलामी बोली, मौके पर पहुंचे अधिकारी

ब्यावरा:स्थानीय कृषि उपज मंडी में बुधवार को प्याज की नीलामी के दौरान कम भाव को लेकर काफी हंगामे के हालात निर्मित हुए. मौके पर पहुंचे अधिकारियों द्वारा समझाईश देते हुए मामले को शांत कराया गया.जानकारी के अनुसार कृषि मंडी में प्याज की नीलामी चल रही थी. तभी कुछ किसानों के द्वारा नीलामी में काफी कम भाव पर प्याज खरीदे जाने की बात कहते हुए आपत्ति जताई. इससे हंगामे की स्थिति बन गई. नीलामी रुक गई. बताया जाता है कि हंगामे के कारण दो-तीन बार नीलामी रुकी. जानकारी लगने पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा बातचीत कर समझाईश दी गई, इसके बाद नीलामी कार्य शुरु हो सका.
क्विंटलों प्याज छोड़ गये मंडी में
कम भाव को लेकर विरोधस्वरुप कई किसान क्विंटलों से प्याज नीलामी स्थल परिसर के आसपास छोड़ गये. परिसर के आसपास काफी मात्रा में प्याज पड़ी हुई थी जिसे गाये खा रही थी. किसानों का कहना है कि बहुत ही कम दाम पर 50 पैसे किलो, 1 रुपये किलो प्याज खरीदी जा रही है. इस संबंध में व्यापारी प्रतिनिधियों का कहना है कि क्वालिटी के हिसाब से भाव निर्धारित किए जाते है. जैसी क्वालिटी होगी उसी के अनुसार रेट होते है. अच्छी क्वालिटी होने पर अच्छे दाम होते है.
आज नहीं होगी नीलामी
स्थानीय कृषि उपज मंडी में प्याज, लहसुन की मंडी तीन दिन मंगलवार, बुधवार एवं गुरुवार को होती है, आज गुरुवार को प्याज लहसुन की नीलामी नहीं होगी. मंडी प्रबंधन के अनुसार व्यापारियों की और से कहा गया है कि उनके द्वारा खरीदे माल को व्यवस्थित किया जाना है जिसके चलते वह आज खरीदी कार्य नहीं कर सकेंगे. जबकि गुरुवार को नीलामी नहीं होने के पीछे बुधवार को हुए हंगामे को भी देखा जा रहा है.
लागत, मेहनत भी नहीं निकल पा रही
एक बार फिर प्याज ने किसानों को मायूस किया है. वर्तमान में प्याज के भाव औंधे मुंह गिरे हुए है. कृषि मंडी में प्याज 60 पैसे, 1 या 2 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, इस तरह लागत और मेहनत भी नहीं निकल पा रही है. प्याज के गिरते दामों से किसान काफी मायूस है. प्याज की इतनी कम कीमत मिलने पर कुछ लोग मंडी में प्याज छोडक़र चले गये तो कोई बिना बेचे प्याज को वापस ले गये. स्थानीय कृषि मंडी में कई किमी दूर से किसान प्याज लेकर आते है, जिसमें काफी भाड़ा लग जाता है, ऐसे में उचित भाव नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है

Next Post

दिन में गर्मी और रात शीतलहर की गिरफ्त में,रात का पारा 5 डिग्री के अंदर

Wed Dec 17 , 2025
इंदौर: मौसम को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसका कारण यह है कि दिन में गर्मी और रात शीतलहर की गिरफ्त में है। कल रात का तापमान फिर 5 डिग्री के अंदर दर्ज हुआ। दिन का तापमान 28 डिग्री के पार पहुंच गया, जिससे दिन में गर्मी का अहसास हुआ।  […]

You May Like