गुना: जिले के बमौरी ब्लॉक में स्थित नोनेरा गांव के स्कूली बच्चों ने एक बार फिर कलेक्टर से गुहार लगाकर सड़क निर्माण की मांग की है। नोनेरा से करीब दो दर्जन बच्चों ने कलेक्टर को बताया कि वे निरंतर दूसरी बार जनसुनवाई में आवेदन देने आए हैं। बच्चों के मुताबिक नोनेरा स्थित लोधापुरा से बमौरी स्थित सीएम राइज स्कूल की दूरी 7-8 किलोमीटर है।
यह रास्ता इतना जर्जर हो चुका है कि ऑटो और दोपहिया वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। बच्चों ने भावुक अंदाज में कलेक्टर को बताया कि वे गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं। इस मामले की शिकायत ग्राम सरपंच से कई बार की गई, लेकिन उन्होंने बजट के अभाव में सड़क निर्मण में असमर्थता जाहिर करते हुए अपना पल्ला झाड़ लिया।
बच्चों की टोली को लेकर संवेदनशील कलेक्टर ने जनसुनवाई कक्ष से बाहर आकर उनसे मुलाकात की। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बच्चों को आश्वासन दिया कि वे जल्द से जल्द सड़क निर्माण करवाएंगे। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने की भी बात कही।
