मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड में अपने कॉमिक अभिनय के लिये मशहूर अभिनेता और एंकर मनीष पॉल ने अपनी आने वाली फिल्म ‘वन – फ़ोर्स ऑफ़ द फॉरेस्ट’ का 2025 का शूटिंग शेड्यूल पूरा कर लिया है।
मनीष पॉल ने अपनी सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी बहुप्रतीक्षित लोक-पौराणिक थ्रिलर फिल्म ‘वन – फ़ोर्स ऑफ़ द फॉरेस्ट’ में निभा रहे अपने किरदार की एक तस्वीर के साथ इस वर्ष का शूटिंग शेड्यूल खत्म होने की खबर, अपने फैंस को दी है।
मनीष पॉल ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुएलिखा है, “यह ‘वन’ के लिए 2025 का शेड्यूल पूरा हो चुका है… वन आ रहा है… अब अगले शेड्यूल के लिए जनवरी 2026 में फिर से आने का बेसब्री से इंतजार है!”
भारतीय लोककथाओं और जंगल की कहानियों से प्रेरित फिल्म ‘वन – फ़ोर्स ऑफ़ द फॉरेस्ट’, बालाजी टेलीफिल्म्स और टीवीएफ मोशन पिक्चर्स की प्रस्तुति के साथ एक महत्वाकांक्षी लोक-पौराणिक थ्रिलर है, जो घने जंगल की पृष्ठभूमि पर बनी रहस्यों और सच्चाई से गुंथी हुई है।
अरुणाभ कुमार और दीपक मिश्रा द्वारा निर्देशित फ़िल्म ‘वन – फ़ोर्स ऑफ़ द फॉरेस्ट’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के साथ स्क्रीन शेयर करने जा रहे मनीष पॉल फ़िल्म में एक अहम भूमिका निभा रहे हैं, जिससे फ़िल्म की स्टार कास्ट और भी मज़बूत हो गई है।
गौरतलब है कि ‘वन’ के अलावा, मनीष पॉल, डेविड धवन निर्देशित ‘है जवानी तो इश्क होना है’, में भी नज़र आने वाले हैं। ऐसे में यह कहें तो गलत नहीं होगा कि इस फिल्म के साथ मनीष अपने करियर के एक दलेर, डायनैमिक और करियर-डिफाइनिंग नए अध्याय में कदम रख रहे हैं।
