उज्जैन:सिंहस्थ 2028 को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण का काम तेज हो गया है. सिंधी कॉलोनी चौराहा से उत्कृष्ट विद्यालय होते हुए मंछामन कॉलोनी के आगे नीलगंगा थाना चौराहे तक करीब 1100 मीटर लंबी सड़क को फोरलेन किया जा रहा है. इस मार्ग का आधे से अधिक हिस्सा बन चुका है और लंबे समय से रुका हुआ कार्य अब दोबारा गति पकड़ चुका है.
नगर निगम द्वारा इस परियोजना के लिए 6 करोड़ 85 लाख रुपए का टेंडर स्वीकृत किया गया है. निगम के इंजीनियर मुकुल मेश्राम, मनोज राजवानी और पीयूष भार्गव द्वारा लगातार मौके पर निगरानी रखी जा रही है. यह जो फोर लाइन सड़क है आगे इंदौर उज्जैन सिक्स लेन हरिफाटक से कनेक्ट हो जाएगी.
18 मीटर चौड़ी सड़क
सड़क को कुल 18 मीटर चौड़ा किया जा रहा है, जिसके अनुसार पूरी सड़क पर मार्किंग की जा चुकी है. इस फोरलेन सड़क में बीच में डिवाइडर, सेंटर लाइटिंग और दोनों ओर डामर सड़क का निर्माण किया जाएगा.
डिवाइडर और सेंट्रल लाइटिंग
निर्माण कार्य में पोल शिफ्टिंग, सड़क निर्माण, डिवाइडर, सेंटर लाइट और पाइपलाइन से जुड़ा काम शामिल है. दोनों ओर नालियों का निर्माण कर उनमें पाइप डाले जा रहे हैं, जिसके बाद जमीन समतल कर सड़क बनाई जाएगी. परियोजना को मार्च 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है.
मंगलवार को उपयंत्री ने किया अवलोकन
उपयंत्री मुकुल मेश्राम ने मंगलवार को स्थल निरीक्षण कर शेष कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इससे पहले नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा भी सड़क, नाली, पाइपलाइन और अन्य निर्माण कार्यों का अवलोकन कर चुके हैं. निगम प्रशासन और ठेकेदार मिलकर इस मार्ग को समय-सीमा में पूरा करने के लिए जुटे हुए हैं.
संतों की पेशवाई निकलती है
यह मार्ग सिंहस्थ की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसी रास्ते से सीधे हरिफाटक और नीलगंगा क्षेत्र तक पहुंच होगी, जहां से पेशवाई की शुरुआत होती है. फोरलेन बनने से यातायात सुगम होगा और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी.
पेड़ों की कटाई व शिफ्टिंग
करीब 1100 मीटर लंबे इस मार्ग पर डिवाइडर के साथ 48 पोल पर स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी और ट्रांसफार्मर भी स्थापित किया जाएगा. अंडरग्राउंड ड्रेनेज के साथ एक स्थान पर क्रॉस ड्रेनेज का निर्माण भी होगा. सड़क निर्माण के चलते कुछ पेड़ों की कटाई और शिफ्टिंग प्रस्तावित है. वहीं, क्षेत्र के मकान मालिको व दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी किए जा चुके हैं.
