
छतरपुर। थाना नौगांव क्षेत्र के बस स्टैंड यात्री प्रतीक्षालय के पास बस कंडक्टर से अवैध वसूली और हमला कर चोट पहुंचाने के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में राहुल सोनी निवासी न्यू कॉलोनी नौगांव और जोलु उर्फ महेंद्र निवासी खो खो माता मंदिर के पास नौगांव शामिल हैं।
दोनों के पास से अवैध धारदार हथियार बरामद हुए, जिन पर आयुध अधिनियम के तहत भी अलग मामला दर्ज किया गया। मुख्य आरोपी राहुल सोनी अवैध हथियार और मारपीट जैसे चार मामलों में पहले से लिप्त है।
गिरफ्तारी एसडीओपी नौगांव अमित मेश्राम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सतीश सिंह और उनकी टीम ने की। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जबकि मामले की विवेचना जारी है।
