छत्तीसगढ़ : एक से 10 जनवरी तक होगी राजनांदगांव फुटबॉल लीग

राजनांदगांव, 16 दिसंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी राजनांदगांव के फुटबॉल टूर्नामेंट ‘राजनांदगांव फुटबॉल लीग’ (आरएफएल) 2026 का आयोजन एक से 10 जनवरी 2026 तक स्टेट हाई स्कूल ग्राउंड में किया जाएगा। यह सात-सात खिलाड़ियों वाली टीमों की फुटबॉल लीग का दूसरा संस्करण है। इसमें जिले की उभरती प्रतिभाओं को अपना कौशल दिखाने का मौका मिलेगा।

इस वर्ष आरएफएल में कुल 12 फ्रेंचाइजी टीमें भाग ले रही हैं। खिलाड़ियों के लिए आयोजित ऑक्शन में 182 पंजीकृत खिलाड़ियों में से 144 खिलाड़ियों का चयन किया गया। आयोजन को लेकर युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दर्शकों की सुविधा के लिए सभी मुकाबलों का यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।

आरएफएल में 12 फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। इज़्जी हार्डवेयर, पद्मावती यामाहा, गुरुदेव इलेवन, अपना मार्ट योद्धाज़, काका फुटबॉल, हरि ओम ऑटो, हिन्दू युवा मंच, मॉर्निंग इलेवन, बोरिंग फुटबॉल, रीयूनाइटेड फुटबॉल, अमृत स्ट्राइकर्स एवं सुपर द स्ट्राइकर्स लीग की टीमें होंगी। आयोजन समिति द्वारा लॉट सिस्टम के माध्यम से टीमों को दो पूल में विभाजित किया गया है।

पूल ‘ए’ में अपना मार्ट योद्धाज़, हरि ओम ऑटो, रीयूनाइटेड फुटबॉल, काका फुटबॉल, पद्मावती यामाहा एवं हिन्दू युवा मंच शामिल हैं। पूल ‘बी’ में बोरिंग फुटबॉल, मॉर्निंग इलेवन, अमृत स्ट्राइकर्स, गुरुदेव इलेवन, इज़्जी हार्डवेयर एवं सुपर द स्ट्राइकर्स को रखा गया है। इससे मुकाबले और अधिक प्रतिस्पर्धी व रोमांचक होने की उम्मीद है।

लीग की विजेता टीम को 71,000 रुपए नकद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 41,000 रुपए नकद एवं ट्रॉफी दी जाएगी। इसके अलावा मैन ऑफ द मैच, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, गोल्डन बूट, बेस्ट गोलकीपर सहित अन्य व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

इस आयोजन का संचालन काका फुटबॉल क्लब एवं स्टेट हाई स्कूल ग्राउंड के खिलाड़ियों द्वारा किया जा रहा है। आयोजन समिति के सदस्य घनश्याम वर्मा (सोनू) ने कहा कि लीग का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, नशे और अपराध से दूर रखना तथा जिले में फुटबॉल संस्कृति को सशक्त बनाना है। आयोजकों ने जिलावासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।

 

 

Next Post

उज्जैन संभाग को पहली पारी में 202 रनों की बढ़त

Tue Dec 16 , 2025
नर्मदापुरम:अंतर संभागीय एम एम जगदाले ट्रॉफी 2025- 26 में तीसरे दौर के मुकाबले में उज्जैन संभाग की टीम ने नर्मदापुरम टीम पर 202 रनों की बढ़त बनाकर पारी घोषित कर दी है तीन दिवसीय मैच की मेजबानी नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन कर रहा है । जिसमें नर्मदापुरम संभाग और उज्जैन […]

You May Like