जबलपुर: तिलवारा थाना अंतर्गत सत्य रक्षा होटल के सामने हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की आज सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।जानकारी के अनुसार शहपुरा थाना क्षेत्र के झांसीघाट निवासी मधोकी मल्लाह 42 वर्षीय मधोकी बीते 14 मार्च को अपनी मोपेड एक्सेल गाड़ी क्रमांक एमपी 20 एस एस 0713 से सब्जी बेचने जबलपुर आया था। रात करीब 11 बजे जब वह वापस अपने घर लौट रहा था, तभी सत्य रक्षा होटल के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद घायल मधोकी मल्लाह को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके सिर, जबड़े और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। पिछले 8 दिनों से उनका उपचार चल रहा था, लेकिन आज सुबह करीब 7 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के भतीजे कन्हैया मल्लाह 32 वर्ष ने तिलवारा थाने में घटना की सूचना दी। पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर मर्ग कायम कर लिया गया है और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
