जालंधर के 11 स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी

जालंधर 15 दिसंबर (वार्ता) पंजाब में जालंधर के 11 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिलने से अफरा-तफरी फैल गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कूल को बम से उड़ाने की जिन तीन स्कूलों ने सबसे पहले धमकी की सूचना दी, उनमें सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, आईवी वर्ल्ड स्कूल और संस्कृति के एम बी स्कूल है। बाद में, आठ अन्य स्कूलों ने भी इसी तरह की धमकियां मिलने की सूचना दी। इन सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है और माता-पिता अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूलों के बाहर जमा होने लगे।
स्कूल अधिकारियों ने ईमेल की जानकारी पुलिस को दी , जिन्होंने तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर दिया। घबराहट से बचने के लिए, स्कूल अधिकारियों ने बच्चों के स्कूल छोड़ने तक उन्हें कोई जानकारी नहीं दी। स्कूलों ने व्हाट्सएप पर मैसेज करके माता-पिता को जल्दी छुट्टी के बारे में बताया।
सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल की ओर से माता-पिता को भेजे गए संदेश में लिखा था, “आपको सूचित किया जाता है कि स्कूल ने आज, 15 दिसंबर को आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की है। सभी छात्रों के लिए छुट्टी का समय सुबह 11.55 बजे होगा। कृपया किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। संबंधित अधिकारियों द्वारा स्कूल परिसर का अच्छी तरह से निरीक्षण किया गया है, और कोई खतरा या जोखिम नहीं पाया गया है। एहतियात के तौर पर, हम बच्चों को जल्दी घर भेज रहे हैं। सभी स्कूल बसें और वैन सामान्य रूप से चलेंगी। जो माता-पिता अपने बच्चों को खुद लेने आते हैं, वे निर्धारित समय पर आराम से आ सकते हैं। आपके बच्चे हमारे साथ सुरक्षित हैं।”
उपायुक्त हिमांशु अग्रवाल और पुलिस आयुक्त धनप्रीत कौर ने कहा, “घबराने की कोई जरूरत नहीं है। अब तक 11 स्कूलों ने धमकी भरे ईमेल मिलने की सूचना दी है। हमारी साइबर क्राइम टीमों ने एफआईआर दर्ज कर ली है। अब तक, ईमेल असली नहीं लग रहे हैं क्योंकि वे एक ही फॉर्मेट में हैं। हमारी टीमें उनके सोर्स की जांच कर रही हैं। ये उसी तरह के हैं जैसे अमृतसर में मिले थे।”
पुलिस आयुक्त कौर ने कहा, “जैसे ही हमें सुबह 10 बजे के आसपास जानकारी मिलनी शुरू हुई, हमारी पुलिस टीमें स्कूलों में पहुंच गईं। बम निरोधक टीमों को सेवा में लगाया गया है। हमने एहतियात के तौर पर पी ए पी कॉम्प्लेक्स से अतिरिक्त टीमें बुलाई हैं।”

Next Post

बीना-नागदा पैसेंजर ट्रेन में चढ़ते हुए फिसला महिला का पैर, गंभीर रूप से घायल

Mon Dec 15 , 2025
गुना। शिवपुरी से उज्जैन की यात्रा कर रही एक 25 वर्षीय महिला यात्री सोमवार सुबह गुना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गईं। जीआरपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार, शिवपुरी निवासी आशा […]

You May Like