श्योपुर:कूनो नेशनल पार्क में तीनों मादा चीता जो पहले 11 स्वस्थ शावकों को जन्म दे चुकी हैं, उन्होंने फिर से मैटिंग कर ली है और इनमें से दो की मैटिंग सफल होने की खबर है। फरवरी 2026 के अंत तक कूनो में चीतों की एक और नई पीढ़ी का जन्म हो सकता है। ये तीनों मादा चीता आशा, ज्वाला और गामिनी परियोजना की सफलता का मजबूत स्तंभ रही हैं। इन्होंने ही अब तक कूनो में 11 शावकों को जन्म दिया है। मादा चीता आशा अपने तीन शावकों से अगस्त-सितंबर में अलग हो गई थी।
पार्क प्रबंधन ने तुरंत मैटिंग के प्रयास शुरू किए, जो सफल रहे। बताया जा रहा है कि दो मादा चीता इस समय बाड़े में बंद हैं, क्योंकि वह गर्भधारण कर चुकी है।ज्वाला और गामिनी भी अपने शावकों से पूरी तरह अलग हो चुकी हैं। पार्क प्रबंधन ने उनकी मैटिंग के प्रयास भी सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं। विशेषज्ञों का अनुमान है कि फरवरी तक तीन में से कम से कम दो मादा चीता से शावकों के जन्म की संभावना है क्योंकि चीतों के जन्म के लिए फरवरी तक का समय सबसे अनुकूल माना जाता है।
