दुबई 14 दिसंबर (वार्ता) ऐरन जॉर्ज (85) , कनिष्क चौहान (46 रन और तीन विकेट) और दीपेश देवेंद्रन (तीन विकेट) के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने रविवार को अंडर-19 एशिया कप ग्रुप ए पांचवें मुकाबले में पाकिस्तान को 90 रनों से करारी शिकस्त दी।
भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करे हुए पाकिस्तान की पूरी टीम को 41.2 ओवर में 150 के स्कोर पर समेट कर मुकाबला जीत लिया। 241 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 30 के स्कोर पर अपने चार विकेट गंवा दिये। समीर मिन्हास (नौ), अली हसन बलोच (शून्य) और अहमद हुसैन (चार) को दीपेश देवेंद्रन ने अपना शिकार बनाया। 14वें ओवर की पहली गेंद पर कनिष्क चौहान ने उस्मान खान (16) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। ऐसे संकट के समय कप्तान फरहान यूसफ और हुजैफा एहसान की जाेड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 47 रनों की साझेदारी हुई। भारतीय कप्तानआयुष म्हात्रे ने वैभव सूर्यवंशी को थमाई और उन्होंने 24वें ओवर की आखिरी गेंद पर फरहान यूसफ (23) का शिकार कर भारत की एक बार फिर से मैच में वापसी करा दी। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान चार जल्द ही झटक लिये। 42वां ओवर करने आये किशन सिंह ने अली रजा छह को आउटकर पाकिस्तान को 150 के स्कोर पर ढेर कर मुकाबला 90 रनों से अपने नाम कर लिया। हुजैफा एहसान ने 83 गेंदों में 70 रनों की पारी खेली। उन्हें 39वें ओवर में कनिष्क चौहान ने आउट किया।
भारत के लिए दीपेश देवेंद्रन ने सात ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट लिये। कनिष्क चौहान ने 10 ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट झटके। किशन सिंह को दो विकेट मिले। खिलन पटेल और वैभव सूर्यवंशी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज 29 के स्कोर पर विस्फाेटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (पांच) का विकेट गंवा दिया। उन्हें मोहम्मद सय्याम ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। 10वें ओवर में मोहम्मद सय्याम ने कप्तान आयुष म्हात्रे 25 गेंदों में (38) को आउटकर भारत को दूसरा झटका दिया। इसके बाद विहान मल्होत्रा (12), वेदांत त्रिवेदी (सात) और अभिज्ञान कुंडु (22) रन बनाकर पवेलियन लौट गये। इस दौरान ऐरन जॉर्ज एक छोर थामे तेजी के साथ रन बटोरते रहे। उन्होंने 88 गेंदों में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 85 रनों की पारी खेली। 32वें ओवर में उन्हें अब्दुल सुभान ने आउट किया। खिलन पटेल (छह), हेनिल पटेल (12) रन बनाकर आउट हुये। कनिष्क चौहान ने 46 गेंदों में तीन छक्के और दो चौके लगाते हुए 46 रनों की पारी खेली। 47वें ओवर की पहली गेंद पर अब्दुल सुभान ने दीपेश देवेंद्रन (एक) को आउटकर भारतीय पारी का 240 के स्कोर पर अंत कर दिया।
पाकिस्तान की ओर से अब्दुल सुभान और मोहम्मद सय्याम ने तीन-तीन विकेट लिये। निकाब शफीक को दो विकेट मिले। अली रजा और अहमद हुसैन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
