भिंड: शहर में आज रविवार को मेंटेनेंस के चलते बिजली गुल है। बिजली कंपनी ने सुबह 11 बजे से ही बिजली काट दी जो अब शाम को ही चालू होगी। दोपह शहर की करीब एक दर्जन कॉलोनियों और मोहल्लों में बिजली सप्लाई बंद है। यह कटौती तकनीकी सुधार कार्यों के कारण की गई है, जिससे लोगों के दैनिक काम प्रभावित हुए हैं।
बिजली कंपनी के अनुसार, यह कटौती 33/11 केवी उपकेंद्र आईटीआई पर रखरखाव कार्य के कारण की गई है। सर्दी के मौसम को देखते हुए बिजली लाइनों, सप्लाई सिस्टम और ट्रांसफार्मरों का समय रहते मेंटेनेंस किया जाना जरूरी है, ताकि आने वाले दिनों में बिना रुकावट सुरक्षित बिजली आपूर्ति की जा सके।
इन इलाकों में गुल है बिजली
कटौती के दौरान 132 केवी भिंड उपकेंद्र से निकलने वाले 33 केवी आईटीआई फीडर और आईटीआई रूरल फीडर की सप्लाई बंद है। इससे कोर्ट क्षेत्र, लहार रोड, चतुर्वेदी नगर, पुरानी बस्ती, किला रोड, भवानीपुरा, सरोज नगर, अम्बेडकर नगर, यदुनाथ नगर, रघुनाथ नगर, स्वतंत्र नगर, बरुआ नगर सहित आसपास के मोहल्लों में आज बिजली नहीं है।
बिजली कंपनी के महाप्रबंधक अमरेश शुक्ला ने बताया कि आईटीआई उपकेंद्र पर आवश्यक मेंटेनेंस और तकनीकी सुधार कार्य किया जा रहा है। कार्य को निर्धारित समय में पूरा कर बिजली सप्लाई शीघ्र बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।
