
इटारसी। केसला विकासखंड की ग्राम पंचायत टांगना में शनिवार को आयोजित ग्राम सभा में सरपंच को पद से हटाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। ग्राम सभा में करीब 400 से 500 ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने महिला सरपंच सरोज उईके पर मनमानीपूर्ण कार्यप्रणाली अपनाने और आवश्यक विकास कार्यों को जानबूझकर लंबित रखने के आरोप लगाए।
ग्रामीणों की लिखित शिकायत पर ग्राम सभा में विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें लगभग 300 ग्रामीणों ने आवेदन पर हस्ताक्षर कर सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद ग्राम पंचायत के कुल 16 में से 12 पंचों ने अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में सहमति दी।
ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच के खिलाफ मध्यप्रदेश पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत कार्रवाई का एक प्रकरण पहले से ही केसला जनपद पंचायत में लंबित है, जिस पर शीघ्र निर्णय की मांग की गई।
ग्राम पंचायत सचिव विवेक चिमानिया ने प्रस्ताव पारित होने की पुष्टि करते हुए बताया कि सरपंच पर धारा 40 के तहत वसूली का प्रकरण भी जारी है। सचिव के अनुसार, हाल ही में 10 गरीब आदिवासियों के मकान अतिक्रमण से हटाए जाने के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण सभा में शामिल हुए थे।
