बंगलादेश अंडर-19 टीम ने अफगानिस्तान को तीन विकेट से हराया

दुबई 13 दिसंबर (वार्ता) सलामी बल्लेबाज जवाद अबरार (96) और रिफत बेग (62) की शतकीय साझेदारी की बदौलत बंगलादेश ने शनिवार को अंडर-19 एशिया कप ग्रुप बी मुकाबले में अफगानिस्तान को सात गेंदे शेष रहते तीन विकेट से हरा दिया।

284 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगलादेश के लिए सलामी बल्लेबाज जवाद अबरार और रिफत बेग ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 151 रन जोड़े। पहले विकेट के रूप में रिफत बेग 68 गेंदों में 62 रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद शतक की ओर बढ़ रहे जवाद अबरार को 112 गेंदों में नौ चौके और छह छक्के उड़ाते हुए 96 रन बनाकर पवेलियन लौट गये। दोनों सलामी बल्लेबाजों को रूहल्लाह अरब ने आउट किया। कप्तान अजीजुल हकीम (44) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद अफगानिस्तानी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार बंगलादेश को संकट में डाल दिया था। कलाम सिद्दीकी (29) बनाकर आउट हुये तथा एमडी अब्दुल्ला (दो), समीउन बसीर (एक) को रनआउट हुये। शेख परवेज जीबोन (13) के रूप में सातवां विकेट गिरा। रिजान होसैन 17 रन बनाकर नाबाद रहे। 49वें ओवर की पांचवीं गेंद पर शहरयार अहमद ने विजयी रन बनाया। अफगानिस्तान के लिए खातिर स्तानिकजई, रूहुल्लाह अरब को दो-दो विकेट मिले। सलाम खान ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

आज यहां अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 283 रनों का स्कोर बनाया। अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने चौथे ही ओवर में खालिद अहमदजई (तीन) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद उस्मान सादात, फैसल शिनोजादा की जोड़ी ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े। दूसरे विकेट के रूप में उस्मान सादात (34) रन बना कर आउट हुये। उज़ैरउल्लाह नियाजी ने फैसल शिनोजादा के साथ 93 रन की साझेदारी की। उज़ैरउल्लाह नियाजी (44) रन बनाकर आउट हुये। इसी दौरान फैसल शिनोजादा ने अपना शतक पूरा किया। शिनोजादा 94 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 103 रन बनाकर आउट हुये। अज़ीज़ुल्लाह मिआखिल (38) रन बनाकर आउट हुये। बंगलादेश के लिए इकबाल हुसैन इमोन और शहरयार अहमद ने दो-दो विकेट लिये। साद इस्लाम, समियुन बसीर, रिजान होसन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

 

Next Post

पर्थ स्कॉर्चर्स को हराकर होबार्ट हरिकेंस महिला ने जीता डब्ल्यूबीबीएल का पहला खिताब

Sat Dec 13 , 2025
होबार्ट 13 दिसंबर (वार्ता) लिजेल ली (नाबाद 77) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर होबार्ट हरिकेंस महिला टीम ने शनिवार को खेले गये फाइनल मुकाबले में पर्थ स्कॉर्चर्स महिला को 30 गेंदे शेष रहते आठ विकेट से हराकर वूमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) 2025 का पहला खिताब अपने नाम किया। […]

You May Like