जननी को नहीं मिल रही सुरक्षा की राशि, चार महीने में तीन सौ से ज्यादा प्रकरण अटके

बहादुरपुर। जननी को सुरक्षा की राशि नहीं मिल रही है। यह हम नहीं सरकारी अस्पताल का रिकॉर्ड कहता है। बहादुरपुर के सरकारी अस्पताल में बीते चार माह से जितने भी प्रसव हुए हैं, उन्हें प्रसूति सहायता राशि नहीं मिली है। यह राशि अनमोल पोर्टल के माध्यम से भुगतान की जाती है। भुगतान की प्रक्रिया भी राज्य स्तर से है, स्थानीय स्तर पर केवल पोर्टल पर प्रसूतिका की जानकारी अपलोड करना रहता है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के ऑपरेटर बताते हैं कि उनके पास जैसे ही प्रसूतिकाओं के दस्तावेज आ जाते हैं, वह उन्हें फौरन पोर्टल पर अपलोड कर देते हैं। इसके बाद भी कई प्रसूतिकाएं बीते चार माह से केंद्र के चकर काट रही हैं। उन्होंने बताया कि बीते चार माह में लगभग तीन सौ प्रसव इस केंद्र पर हुए हैं। इन्हें किसी प्रकार की कोई

राशि नहीं मिली। उन्होंने यह भी बताया कि किसी प्रसूतिका को इसका भुगतान हुआ है या नहीं, अपडेट उनके पास नहीं आता। प्रसूतिका की समग्र आईडी पोर्टल पर डालकर देखना होता है। बहादुरपुर की सपना बाई पत्नी राजा वाल्मीकि ने बताया कि उनका प्रसव बहादुरपुर केंद्र पर करीब चार माह पहले हुआ था.

उन्हें अब तक राशि नहीं मिली है। उनके पति ग्राम पंचायत में सफाई कर्मी हैं। बामुश्किल उनका घर खर्च चलता है।

संस्थागत प्रसव पर दी जाती है राशि:

मातृ शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से संस्थागत प्रसव पर ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्येक प्रसूतिका को 1400 रुपए की राशि दी जाने की व्यवस्था की गई है। इस प्रसूतिका को केंद्र तक लाने वाली आशा कार्यकर्ता को भी बतौर प्रोत्साहन 300 रुपए दिए जाते हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत पहले प्रसव पर 5 हजार एवं दूसरे प्रसव 6 हजार रुपए दो किश्तों में मिलते हैं। इसके अलावा प्रदेश में श्रमिक प्रसूतिकाओं को 10600 रुपए भी दिए जाते हैं। इन तमाम तरह की राशि से केंद्र की प्रसूतिकाएं बीते चार माह से बंचित हैं।

इनका कहना है

हमारे यहां केवल दस्तावेज अपलोड करने की व्यवस्था है। भुगतान राज्य स्तर से ही होता है। इसलिए ज्यादा कोई जानकारी नहीं रहती। किसी ऐप में कोई दिक्कत आ रही है. इसलिए भुगतान रुकने की बात बताई गई है।

डॉ वसवंत सिंह तोमर, सेक्टर मेडिकल ऑफिसर

बहादुरपुर

Next Post

महिला सुरक्षा पर सीएम का सख्त संदेश: कर्मचारी संघ ने आंदोलन 10 दिनों के लिए स्थगित किया

Sat Dec 13 , 2025
भोपाल। महिला सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री के कड़े संदेश के बाद मंत्रालय सेवा अधिकारी कर्मचारी संघ ने अपना आंदोलन अस्थायी रूप से स्थगित करने की घोषणा की है। संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्पष्ट संदेश […]

You May Like