नई दिल्ली, 13 दिसंबर, 2025: भारत में नौकरी और करियर बनाने का तरीका तेजी से बदल रहा है, जिसकी अगुवाई नई पीढ़ी के स्टार्टअप्स कर रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की सहायता से अब नया व्यवसाय शुरू करना कम समय और संसाधनों में संभव हो गया है। साल 2025 के पहले 9 महीनों में निवेशकों ने नए स्टार्टअप फंड्स में 9 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है, जो भारतीय स्टार्टअप्स में निवेशकों के मजबूत भरोसे को दर्शाता है।
हाल ही में लिंक्डइन ने अपनी 8वीं वार्षिक सूची “टॉप स्टार्टअप्स इंडिया 2025” जारी की है, जिसमें तेजी से बढ़ते 20 स्टार्टअप्स को शामिल किया गया है। इन कंपनियों की हायरिंग स्पीड, टैलेंट आकर्षित करने की क्षमता और इंडस्ट्री में नए ट्रेंड बनाने के आधार पर यह सूची तैयार की गई है। टॉप 10 कंपनियों में से अधिकांश जैसे Zepto, Lucidity, Swish, Weekday, Jar और Refyne, का मुख्यालय बेंगलुरु में स्थित है।
इस सूची में शामिल प्रमुख स्टार्टअप्स में 10 मिनट में ग्रॉसरी डिलीवर करने वाला Zepto और क्लाउड स्टोरेज को प्रभावी बनाने वाला Lucidity शामिल हैं। इसके अलावा, फाइनेंशियल फिटनेस ऐप Jar, इंजीनियरों को हायर करने वाला Weekday, और मैथ्स को मजेदार बनाने वाला Bhanzu भी शामिल हैं। ये स्टार्टअप्स तेजी से टैलेंट को आकर्षित कर रहे हैं और विभिन्न क्षेत्रों में नए इनोवेशन के रास्ते खोल रहे हैं।

