भोपाल। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने समूह 5 भर्ती के तहत लैब टेक्नीशियन और रेडियोग्राफर के शेष रिक्त पदों को प्रतीक्षा सूची से भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. विभाग ने एमपी ऑनलाइन के माध्यम से काउंसलिंग कराने के निर्देश दिये हैं. काउंसलिंग के लिये विकल्प प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जो कि 20 दिसंबर तक चलने वाली है. इसमें अभ्यर्थी की प्राथमिकता एक बार जमा होने के बाद बदली नहीं जा सकेगी. वहीं पदस्थापना भी मेरिट और उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर दी जाएगी. जिन अभ्यर्थियों के नाम कर्मचारी चयन मंडल की प्रतीक्षा सूची में शामिल हैं. काउंसलिंग में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हों सकते हैं. यह सूची द्वितीय काउंसलिंग की चयन सूची मानी जाएगी. काउंसलिंग की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और इसमें भाग लेने के लिये 600 रुपये शुल्क और जीएसटी देना होगा. आवेदन में अभ्यर्थी अपनी पसंद के जिलों की वरीयता क्रम ऑनलाइन भर सकते हैं.
कौन अभ्यर्थी होंगे शामिल
विभाग ने स्पष्ट किया है कि काउंसलिंग में मिला जिला अंतिम होगा. अनुपस्थित रहने वाले या दस्तावेज सत्यापन के दौरान अपात्र पाए जाने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद्द मानी जाएगी. वहीं द्वितीय काउंसलिंग में केवल वे अभ्यर्थी शामिल होंगे, जो प्रथम काउंसलिंग में उपस्थित नहीं हुए थे. प्रथम काउंसलिंग में दस्तावेज सत्यापन करा चुके अभ्यर्थी पात्र या अपात्र किसी भी स्थिति में दोबारा शामिल नहीं हो सकेंगे.
दस्तावेज सत्यापन
चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिये क्षेत्रीय संचालक कार्यालय में निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा. यदि कोई अभ्यर्थी किसी अन्य विभाग में चयनित होकर ज्वाइनिंग दे चुका है, तो वह इस भर्ती के लिये अपात्र माना जाएगा. विभाग ने कहा है कि काउंसलिंग से जुड़ी सभी नई जानकारी health mp gov in पर उपलब्ध है. अभ्यर्थियों वेबसाईट पर जाकर अन्य जानकारी ले सकते हैं.
लैब टेक्नीशियन और रेडियोग्राफर के रिक्त पदों पर काउंसलिंग 20 दिसंबर तक
