सैकड़ो शिक्षक नहीं लगा रहे ई-अटेंडेंस, संकुल प्राचार्यो से मांगा स्पष्टीकरण

ब्यावरा। शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता लाते हुए शिक्षा को बढ़ावा देने तथा समय पर स्कूलों का संचालन हो इसको लेकर शासन द्वारा शिक्षकों के लिए ई-अटेंडेंस को लागू किया गया है, इसको लेकर शिक्षा विभाग एवं प्रशासन भी सख्त रवैया अपनाए हुए है बावजूद इसके आज भी जिले में कई शिक्षकों के द्वारा ई-अटेंडेंस नहीं लगाने का मामला सामने आया है. इसको लेकर जिला शिक्षा विभाग द्वारा आदेश जारी कर संबंधितों के संकुल प्राचार्यो से स्पष्टीकरण मांगा गया है.

संकुल प्राचार्यो को इस आशय के आदेश जारी किए गये है. जिसमें संकुल प्राचार्यो को कहा गया है कि संकुल के तहत कार्यरत कुछ शिक्षकों, अतिथि शिक्षकों के द्वारा निर्धारित समयानुसार ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं की गई है. जिला शिक्षाधिकारी द्वारा जारी आदेश में संकुल प्राचार्यो को जिले के करीब 733 शिक्षकों एवं अतिथि शिक्षकों के सत्यापन का स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है.

संकुल प्राचार्यो को रखना है निगरानी

पूर्व में विभाग द्वारा ई-अटेंडेंस को लेकर संबंधित संस्था के संकुल प्राचार्य को इसकी निगरानी रखते हुए बराबर रुप से मॉनिटरिंग के लिए कहा गया था. आदेश में कहा गया है कि इस संबंध में संकुल प्राचार्य स्तर पर आवश्यक सत्यापन एवं निगरानी की जानी थी जिसे पूर्ण नहीं किया गया.

आदेश के साथ जारी की सूची

जिला शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के साथ ही जिन शिक्षकों एवं अतिथि शिक्षकों के द्वारा ई-अटेंडेंस नहीं लगाई जा रही है उन संबंधित शिक्षकों एवं अतिथि शिक्षकों की नामवार सूची भी जारी की है. 8 दिसम्बर को जिले के लगभग 733 शिक्षक एवं अतिथि शिक्षक शामिल है जिनके द्वारा इस तारीख को ई-अटेंडेंस नहीं लगाई है.

अतिथि शिक्षकों का वेतन ई-अटेंडेंस पर ही

शिक्षा विभाग के अनुसार अतिथि शिक्षकों का वेतन का निर्धारण एवं भुगतान ई-अटेंडेंस के आधार पर ही किया जाएगा. अटेंडेंस पर ही उन्हें वेतन मिल पाएगा.

तकनीकि कारण आ रहे सामने

जानकारी के अनुसार अनेक जगहों पर नेटवर्क नहीं मिलने व अन्य प्रकार की तकनीकि समस्याओं के चलते भी शिक्षक एवं अतिथि शिक्षक चाहकर भी ई-अटेंडेंस नहीं लगा पा रहे है. कई जगह अतिथि शिक्षकों को भी इस तरह की समस्या का सामना करना पड़ रहा है.

ब्लॉक वार स्थिति

जिले के विभिन्न ब्लॉक में ई-अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों एवं अतिथि शिक्षकों की स्थिति इस प्रकार है. सर्वाधिक राजगढ़ एवं सबसे कम सारंगपुर में है. ब्यावरा ब्लॉक में 106, खिलचीपुर में 110, नरसिंहगढ़ में 141, राजगढ़ में 161, सारंगपुर में 74 तथा जीरापुर में पदस्थ 140 शिक्षकों द्वारा ई-अटेंडेंस नहीं लगाने पर संबंधितों के संकुल प्राचार्यो को नोटिस देते हुए स्पष्टीकरण मांगा है.

 

 

Next Post

सीएम डॉ. यादव आज करेंगे सम्राट विक्रमादित्य प्रवेश द्वार का भूमि-पूजन, ई-बस डिपो का भी होगा भूमिपूजन

Sat Dec 13 , 2025
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश की गौरवशाली अतीत और समृद्ध संस्कृति से जुड़ी पहल के तहत सम्राट विक्रमादित्य प्रवेश द्वार एवं पीएम ई-बस सेवा योजनांतर्गत अत्याधुनिक ई-बस डिपो का भूमि-पूजन करेंगे। कार्यक्रम 13 दिसंबर को प्रातः 11 बजे महाराणा प्रताप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फंदा भोपाल में आयोजित होगा। […]

You May Like