
सारनी। निदेशक (वित्त) बिक्रम घोष का निरीक्षण, कर्मचारियों की सराहना की।वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के निदेशक (वित्त) बिक्रम घोष ने 2 मई 2026 को पाथाखेड़ा क्षेत्र स्थित तवा-2 भूमिगत खदान का निरीक्षण कर उत्पादन, गुणवत्ता और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खदान में कार्यरत कर्मचारियों, कामगारों एवं अधिकारियों से संवाद कर उनकी कार्यशैली की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान निदेशक घोष ने अपने संबोधन में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में पाथाखेड़ा क्षेत्र ने ‘कोयले की गुणवत्ता’ के क्षेत्र में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर एक उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने क्षेत्र की मेहनतकश टीम ,कर्मचारी, कामगार और अधिकारियों को दिया।
उन्होंने विश्वास जताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में भी पाथाखेड़ा क्षेत्र निर्धारित एपीपी लक्ष्य के साथ-साथ आंतरिक लक्ष्यों को भी सफलतापूर्वक प्राप्त करेगा। उन्होंने कार्य में निरंतरता, अनुशासन और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर उनके साथ तकनीकी सचिव सुरोजित सरकार एवं चन्द्रशेखर झाड़े उपस्थित रहे। वहीं, क्षेत्रीय महाप्रबंधक संजय एम. मिश्रा ने निदेशक (वित्त) एवं उनकी टीम का पाथाखेड़ा क्षेत्र में आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए इसे कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी बताया।निरीक्षण कार्यक्रम ने ना केवल खदान के कार्यों की समीक्षा की, बल्कि कर्मचारियों में नए उत्साह और जिम्मेदारी की भावना का संचार भी किया।
