
सीधी । नगर पालिका परिषद सीधी क्षेत्र में भू-माफियाओं द्वारा रेरा, टीएनसीपी और नपा में कालोनाइजर का पंजीयन कराये बिना बनाई जा रही अवैध कालोनी की सीएमओ से शिकायत हुई है। अवैध प्लाटिंग पर कार्यवाही सीएमओ के लिए चुनौती है।
नगर पालिका परिषद सीधी क्षेत्रांतर्गत वार्ड क्रमांक 19, 20, 21 एवं 24 के ग्राम सीधी कला, डैनिहा, मड़रिया में भू-माफियाओं द्वारा बिना डायवर्सन, रेरा, टीएनसीपी और नगर पालिका में कालोनाइजर का पंजीयन कराये बिना विधि विरूद्ध तरीके से भूमियों में बेतहासा एवं बेतरतीब प्लाटिंग कर बनाई जा रही अवैध कालोनी पर सख्ती से रोक लगाई जाय। अवैध कालोनियों के सम्पूर्ण विकास की राशि प्लाट विक्रेताओं तथा उनके एजेंटों से वसूल करते हुये शासन द्वारा कालोनी विकास के लिये निर्धारित मानकों के अनुसार विकसित कराने की कार्रवाई की जाय। वहीं अवैध प्लाटिंग करने वाले/अवैध कालोनी का निर्माण करने वाले सभी भू-माफियाओं पर एफआईआर दर्ज कराते हुये वैधानिक कार्य की जाय। विडम्बना यह है कि प्रशासनिक निष्क्रियता के चलते सैकड़ो लोग लाखों की लागत से प्लाट खरीद चुके हैं जिसमें बिजली, नाली, सीवर जैसी मूलभूत सुविधाएं तक नहीं हैं।
भू-माफिया दो सौ प्लाट की कर चुके हैं बिक्री
नगर पालिका क्षेत्र सीधी में अभी तक भू-माफिया अवैध रूप से दो सौ प्लाट की बिक्री कर चुके हैं। तत्संबंध में मददगार इंसाफी दस्ता के अध्यक्ष माधवेश तिवारी द्वारा कलेक्टर सीधी के नाम से मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीधी को विगत 28 अप्रैल 2026 को पूरे प्रमाण के साथ शिकायत सौंपी गई है। शिकायत में कहा गया है कि भू-माफियाओं के पास कालोनाइजर एक्ट के अंतर्गत या प्लाटिंग करने संबंधी किसी भी प्रकार का कोई पंजीयन नहीं है।
एक दर्जन से अधिक भू-माफिया कर रहे अवैध प्लाटिंग
नगर पालिका क्षेत्र सीधी में एक दर्जन से ज्यादा भू-माफिया अवैध प्लाटिंग कर रहे हैं। इनमें वार्ड क्रमांक 19 एवं 20 डैनिहा एवं सीधीकला में बैसनी जायसवाल, राजेन्द्र प्रसाद नामदेव एवं गौरव कामदार, आशीष मोटवानी, कुंदन दास सिंधी, गीता गुप्ता, नीरज सिंह, संतोष कुमार कुशवाह, तीर्थ साहू, आकाश अग्रवानी, मयंक बत्रा, श्यामकली साहू, अजय सिंह एवं नरेश पाण्डेय, वार्ड क्रमांक 21 एवं 23 मड़रिया क्षेत्र में अजय सिंह एवं संदीप सिंह, कृष्ण प्रताप सिंह, संजय कुमार गुप्ता, मृत्युंजय प्रताप सिंह आदि शामिल हैं।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी हो रही अवैध प्लाटिंग
जिले सहित शहर में हो रही अवैध प्लाटिंग को लेकर समाजसेवी माधवेश तिवारी द्वारा माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर ने दायर जनहित याचिका डब्ल्यूपी 32660/2025 को स्वीकार कर 28 अक्टूबर 2025 आदेश जारी कर कृषि भूमि की प्लाटिंग पर रोंक लगाते हुए प्रमुख सचिव म.प्र. शासन वल्लभ भवन भोपाल, कलेक्टर सीधी, सीएमओ नपा सीधी, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग आफिसर सीधी को नोटिस भेजा गया था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी भू-माफियाओं द्वारा बदस्तूर अवैध प्लाटिंग जारी है।
इनका कहना है
नगर पालिका क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग को लेकर हमारी गठित टीम द्वारा सर्वे का कार्य किया जायेगा। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद उसे सार्वजनिक रूप से प्रकाशित कर अवैध कालोनी के संबंध में सूचना प्रसारित की जावेगी। नगर पालिका द्वारा अभी रेरा की वर्कशाप आयोजित की गई थी, जिससे लोग अवैध प्लाटिंग एवं कालोनी को लेकर सजग हो सकें। फिर भी यदि कोई ऐसी अवैध कालोनियों में प्लाट लेता है तो उसकी जिम्मेदारी नगर पालिका की नहीं होगी।
प्रिया पाठक, डिप्टी कलेक्टर/प्रभारी सीएमओ नपा सीधी
