
जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत ने श्री सांई एग्रोवेयर हाउस किसरोद में चल रही धान खरीदी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों का रकबा, पंजीयन, स्लॉट बुकिंग, खरीदी गई धान और किसानों की संख्या के बारे में जानकारी ली और किसानों से चर्चा की।
कलेक्टर ने खरीदी प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे उपार्जन में पारदर्शिता रखें और बिचौलियों की बातों में न आएं। उन्होंने कहा कि अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत सूचित किया जाए। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्र पर सीसीटीवी अनिवार्य रूप से चालू रहना चाहिए और किसानों से तौल के नाम पर पैसे नहीं लिए जाने चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन
खरीदी का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए।
