भोपाल। देशभर के आयुष मेडिकल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों के प्रवेश की अंतिम तिथि अब 20 दिसंबर तक बढ़ा दी है। राष्ट्रीय आयोग ने सत्र 2025-26 के लिए यूजी प्रवेश की कट ऑफ तिथि 10 दिसंबर से बढ़ाकर 20 दिसंबर करने का निर्णय लिया है। आयुष मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ राकेश पांडेय ने बताया कि मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों में स्थित 900 से अधिक आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी कॉलेजों में आयुष यूजी की 7 हजार से ज्यादा सीटें अब भी रिक्त हैं। छात्रहित में इन सीटों को भरने के लिए आयुष मंत्रालय भारत सरकार, राष्ट्रीय आयोग और सभी राज्यों के आयुष संचालनालय समय सीमा बढ़ाने के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाने और रिक्त सीटों को भरने के उद्देश्य से यह निर्णय महत्वपूर्ण है। अब राज्य स्तर पर आगे होने वाले निर्णयों पर अभ्यर्थियों की नजर रहेगी।
