विद्युत विभाग के कर्मचारी को सीने में मारी गोली

सतना: फौरी तौर पर अमूमन शांत नजर आने वाले शहर में कुछ चौंकाने वाली घटना घटनाएं सामने आ जाती हैं. ऐसी ही एक  घटना गुरुवार की शाम उस वक्त सामने आई जब अपनी ड्यूटी समाप्त कर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे एक कर्मचारी को अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी. गोली मारने वाला व्यक्ति विकलांग था, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौगवां निवासी रामनरेश बर्मन पिता सीताराम बर्मन उम्र 58 वर्ष विद्युत विभाग के कर्मचारी हैं.

वे हर रोज अपने गांव से ट्रेन के जरिए सतना आते हैं और दिनभर काम पूरा करने के बाद शाम को वापस अपने घर लौट जाते हैं. इसी कड़ी में गुरुवार की शाम को भी कार्यालय का काम समाप्त करने के बाद वे प्रेम नगर स्थित विद्युत कार्यालय से निकले और पैदल ही रेलवे स्टेशन की ओर जाने लगे. बताया गया कि जैसे ही वे प्रेम नगर क्षेत्र में स्थित रेलवे अंडर ब्रिज के निकट पहुंचे वैसे ही एक व्यक्ति अचानक उनके सामने आ गया.

उस व्यक्ति ने देखते ही देखते अवने हाथ में लिए हुए कट्टे से रामनरेश पर निशाना साध फायर कर दिया. कट्टे से निकली गोली का छर्रा सीधे रामनरेश के सीने में जा लगा. लेकिन घायल होने के बावजूद भी रामनरेश ने हिम्मत नहीं हारी और हमलावर को पकड़ लिया. रामनरेश से बचने के लिए हमलवार ने झूमाझटकी शुरु कर दी. इसी झूमाझटकी के दौरान रामनरेश ने भागने की कोशिश कर रहे हमलावर का पैर पकड़ लिया. लेकिन घबराकर भागने की कवायद में जहां हमलावर के हाथ का कट्टा नीचे गिर गया. वहीं उसका एक कृत्तिम पैर रामनरेश के हाथ में आ गया. जिसके बाद हमलावर लंगड़ाते हुए वहां से भाग निकला.
कट्टा-कृतिम पैर लेकर पहुंचे थाने
सीने में गोली लगने से घायल रामनरेश ने हिम्म्म्त दिखाते हुए एक ओर जहां हमलावर से लोहा लिया. वहीं दूसरी ओर हमलावर के भाग जाने के बाद उसका कट्टा और कृ़तिम पैर लेकर वे कोतवाली थाना पहुंच गए. यह देख वहां पर मौजूद पुलिसकर्मियों के भी हाथ पैर फूल गए. आनन-फानन में रामनरेश को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया. जहां पर उन्हें भर्ती कर उपचार शुरु हुआ. चिकित्सक द्वारा रामनरेश की हालत खतरे से बाहर बताई गई. वहीं घटना के कुछ देर बाद सीएसपी देवेंद्र सिंह जिला अस्पताल पहुंच गए और रामनरेश से हमलावर के संबंध में पूछताछ की. कोतवाली पुलिस द्वारा धारा 109 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है

Next Post

श्याम टेलर ने भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभाला, सीएम ने बताए सरकार के विकास और सुरक्षा के संकल्प

Fri Dec 12 , 2025
भोपाल। भाजयुमो के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में औपचारिक रूप से जिम्मेदारी संभाली।इसके पहले वह शाजापुर से एक बड़ी वाहन रैली के भोपाल पहुंचे।उधर, पदभार ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने युवा मोर्चा की […]

You May Like