हवाई सेवा शुरू होने से विंध्य क्षेत्र को लगेंगे पंखः शुक्ल

इंदौर: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल गुरूवार की शाम इंदौर आये. वे रेसीडेंसी कोठी में विंध्य क्षेत्र के इंदौर में रह रहे नागरिकों से मिले. विंध्यांचल सोशल ग्रुप के सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल का इंदौर-रीवा हवाई सेवा प्रारंभ करने के लिये पुष्पगुच्छ प्रदान कर आभार जताया. इस अवसर पर मंत्री ने विंध्यांचल सोशल ग्रुप की वेबसाइट का शुभारंभ भी किया.

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि आगामी 22 दिसम्बर से इंदौर-रीवा हवाई सेवा प्रारंभ की जा रही है. इस सेवा के प्रारंभ होने से विंध्य क्षेत्र के इंदौर में निवासरत हजारों नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी. विंध्य क्षेत्र के सतना, सीधी, शहडोल, मऊगंज आदि क्षेत्रों के नागरिक व्यापार, व्यवसाय एवं शिक्षा की दृष्टि से इंदौर आते हैं. आज यहां करीब एक लाख लोग विंध्य क्षेत्र के निवासरत हैं. हवाई सेवा शुरू होने से उन्हें यह सुविधा मिलेगी. इंदौर-रीवा हवाई सेवा शुरू होने के बाद विंध्य के नागरिक इंदौर विमानतल से मुंबई, दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद, बैंगलोर आदि शहरों के लिए जा सकते हैं.

डॉ. शुक्ल ने कहा कि पिछले दिनों ही रीवा से दिल्ली के लिये हवाई सेवा शुरू की गई है. जिसका बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है. विंध्य क्षेत्र का विकास अब और तेजी गति से होगा. रीवा सड़क, रेल मार्ग और अब हवाई मार्ग से जुड़ने के कारण यहां विकास और तेज गति से होगा. रेसीडेंसी कोठी पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी, स्कूल ऑफ एक्सीलेंस आई अस्पताल के अधीक्षक डॉ. डी.के. शर्मा, चाचा नेहरू चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. अरविंद शुक्ला, एमवाय के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव से इंदौर के स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की.

ट्रेन को नियमित करने की मांग
विंध्यांचल सोशल ग्रुप ने उप मुख्यमंत्री से मांग की कि वर्तमान में इंदौर से रीवा के लिये चल रही ट्रेन को नियमित किया जाये. इंदौर में विंध्य भवन हेतु भूमि आवंटित की जाये. सिंगरोली से भोपाल चलने वाली ट्रेन को इंदौर तक बढ़ाया जाये. इस मौके पर ग्रुप के अध्यक्ष आर.पी. शर्मा, सचिव दिलीप मिश्रा सहित बड़ी संख्या में विंध्य क्षेत्र के नागरिक उपस्थित थे. उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने इंदौर के स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली

Next Post

अच्छी सेहत के लिए मोटा अनाज खाए, अच्छी नींद लें और व्यायाम करेंः राज्यपाल

Fri Dec 12 , 2025
इंदौर:मस्तिष्क को स्वस्थ और शांत रखने में न्यूरो सर्जन और न्यूरोलॉजिस्ट चिकित्सकों की विशेष भूमिका रहती है. भगवान सभी जगह नहीं पहुँच पाते हैं, इसलिए उन्होंने चिकित्सक बनाए हैं. भगवान का दूसरा रूप चिकित्सक ही होता है. सेहत के लिए मोटा अनाज का सेवन करें, खूब पानी पीए , अच्छी […]

You May Like