इंदौर: हीरानगर क्षेत्र में एक संस्थान संचालक ने पिता पुत्र पर आपराधिक साजिश रचकर लाखों रुपए की ठगी करने का आरोप लगाया है. मामले में बैंक कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध बताई गई है. जिसके चलते पुलिस जांच कर रही है.सुखलिया निवासी 48 वर्षीय सुरजीत सिंह ने हीरानगर पुलिस को शिकायत दी कि भगवान सिंह भदौरिया और उसका बेटा गोपाल सिंह, बैंक के कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर उनकी संस्था को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की योजना बनाकर धोखाधड़ी की.
फरियादी ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपितों ने उनके द्वारा जारी किए गए चेकों का दुरुपयोग किया और करीब 52 लाख रुपए की राशि निकालकर संस्था को भारी आर्थिक क्षति पहुंचाई. सुरजीत सिंह का कहना है कि यह पूरा कृत्य पूर्व नियोजित साजिश के तहत किया, जिसमें बैंक कर्मियों की सक्रिय भागीदारी भी रही. शिकायत में शिवम सोनी का नाम भी शामिल किया है, जिस पर इस धोखाधड़ी में सहयोग करने का संदेह जताया है, हीरानगर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
