नरसिंहगढ़। नगर के वार्ड 7 के रहवासियों द्वारा वार्ड में सडक़ एवं नाली निर्माण नहीं होने से नाराज रहवासियों ने मंगलवार को फूलबाग चौराहे स्थित मार्ग पर जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया.
वार्ड के घोसी गली में सडक़ और नाली निर्माण नहीं होने से आने-जाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इन्हीं परेशानियों को लेकर मंगलवार को रोड पर जाम लगा दिया.
गौरतलब है कि वार्ड 7 के रहवासियों को सडक़ निर्माण नहीं होने के कारण उखड़े रोड, कीचड़ आदि से सामना करना पड़ रहा है. इस विकट समस्या को लेकर मंगलवार को रहवासियों ने मुख्य सडक़ पर जाम लगा दिया. लोग सडक़ पर बैठ गये और जमकर नपा के विरुद्ध नारेबाजी की. रहवासियों का कहना है कि सडक़ की बदहाली के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
लिखित में आश्वासन केे बाद हटाया जाम
प्रदर्शन में पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण ग्रोवर भी बैठे. नपाध्यक्ष प्रतिनिधि लोकेन्द्र वर्मा मौके पर पहुंचे और 8 दिन के भीतर कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ. जिम्मेदारों द्वारा लिखित में यह आश्वासन दिया गया कि 8 दिन में वार्ड में सडक़ का निर्माण कार्य शुरु कर दिया जाएगा इसके बाद रहवासियों ने जाम हटाया. जाम के कारण आवागन पूरी तरह थम गया.
आवागमन में परेशानी का करना पड़ता है सामना
रहवासियों का कहना है कि वर्षों से सडक़ नहीं बनी है और मुख्य मार्ग ऊंचा होने से नाली का पानी गली में भर जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है. शिकायतों के बाद भी सुनवाई न होने से आंदोलन की नौबत आई. जाम लगने से मुख्य मार्ग पर आमजन को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, हालांकि पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से यातायात सुचारु कराया.
नपाध्यक्ष कविता लोकेन्द्र वर्मा ने बताया कि सडक़ निर्माण की स्वीकृति हो चुकी है और आठ दिनों में काम शुरू कर दिया जाएगा. वहीं पार्षद प्रवीण ग्रोवर ने कहा है कि यदि तय समय में कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे इस्तीफा देकर आंदोलन करेंगे.
