इंदौर: गोवा के पब में अग्निकांड के बाद शहर एमडी प्रशासन ने अभियान चला कर कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान चार स्थानों पर छापा मारकर अवैध रूप से संग्रहित 156 गैस सिलेंडर और दो ऑटो रिक्शा जब्त किए गए.गोवा की अग्नि दुर्घटना को देखते हुए प्रशासन ने शहर में विशेष सतर्कता बरतना शुरू कर दिया है. कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर शहर में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ मुहिम चलाई जा रही है.
उक्त मुहिम के तहत आज खाद्य विभाग की टीम ने शहर के चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी. दबिश में भारी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित गैस सिलेंडर जब्त किए गए. उक्त सिलेंडर घनी आबादी और रहवासी क्षेत्रों में बिना वैध अनुमति, फायर सेफ्टी और विस्फोटक विभाग को सूचित किए बगैर संग्रहित किए गए थे. इतनी बड़ी मात्रा में कभी भी गंभीर दुर्घटना होने का अंदेशा है.
प्रशासन ने मौके पर सिलेंडरों को जब्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है. जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू ने बताया कि खाद्य विभाग के अमले द्वारा आज चार स्थानों पर कार्रवाई की गई. कार्रवाई में कुल 156 गैस सिलेंडर जप्त किए गए दो ऑटो रिक्शा भी जप्त किए गए हैं. उक्त कार्रवाई केटरिंग व्यवसायियों द्वारा अवैधानिक रूप से संचालित एलपीजी के गोदामों पर आकस्मिक निरीक्षण करके की गई.
इन पर की कार्रवाई
द्वारकापुरी में श्री श्याम कृपा गैस हीटर वर्क पर कार्रवाई की गई. यहां से 19 कि.ग्रा. क्षमता एचपीसी कंपनी 24 नग भरे व 5 नग खाली जब्त किए गए. जगदीशचंद्र कचोलिया एवं श्याम सुंदर कचोलिया का आरोपी बनाया गया. स्कीम नंबर 71 के एमआईजी में श्री श्याम कृपा गैस हीटर वर्क पर कार्रवाई की गई. यहां से 19 कि.ग्रा. क्षमता वाले एचपीसी कंपनी 11 नग भरे व 7 नग खाली, 5 कि.ग्रा. क्षमता के एचपीसी कंपनी के 11 नग भरे व 3 नग खाली जब्त किए गए. साथ ही लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी 09 आईएन 4802 जब्त किया गया. जगदीशचंद्र कचोलिया को आरोपी बनाया गया.
इधर, प्रगति नगर में भागवत केटरिंग पर कार्रवाई की गई. 19 किग्रा. क्षमता के आईओसी कंपनी 1 नग भरा, 8 नग खाली, 11 नग आंशिक भरे, 5 किग्रा क्षमता के एचपीसी कंपनी 4 नग आधे भरे और 14.2 कि.ग्रा. क्षमता एचपीसी कंपनी का 1 नग खाली जब्त किया गया. महेश पिता नारायणराव भागवत को आरोपी बनाया गया. वहीं सांई बाबा नगर द्वारकापुरी में 19 कि.ग्रा. क्षमता बीपीसी कंपनी के 7 नग भरे, 32 नग खाली, 19 कि.ग्रा. क्षमता एचपीसी कंपनी 1 नग खाली, 5 कि.ग्रा. क्षमता बीपीसी कंपनी के 3 नग भरे, 23 नग खाली, 5 किग्रा. क्षमता के एचपीसी कंपनी के 1 नग खाली, 5 कि.ग्रा. क्षमता आईओसी कंपनी 1 नग खाली, 14.2 कि.ग्रा. क्षमता एचपीसी कंपनी 2 नग खाली जब्त किए गए. लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी 09- एलपी 6394 जब्त किया गया. पवनसिंह बघेल को आरोपी बनाया गया
