51 लाख की 10 किलो 150 ग्राम अफीम के साथ राजस्थान का आरोपी गिरफ्तार

नीमच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलो 150 ग्राम अवैध अफीम के साथ राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत 51 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई पुलिस थाना नीमच कैंट टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास के निर्देशन में की जा रही लगातार कार्रवाई की कड़ी में की गई है। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम को सफलता मिली।

मुखबिर की सूचना पर बस का इंतजार करते आरोपी को पकड़ा

पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त 2026 को उप निरीक्षक जाकिर हुसैन मंसुरी को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने पास अवैध मादक पदार्थ अफीम लेकर राजस्थान की ओर जाने वाली बस के इंतजार में खड़ा है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए बताए गए स्थान पर कार्रवाई की। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान सुमेर राम पिता अन्नाराम विश्नोई, उम्र 43 वर्ष, निवासी डेलु मनाडा की ढाणी, थाना झंवर, जिला जोधपुर, राजस्थान के रूप में हुई।

कपड़े के बैग से चार थैलियों में मिली अफीम

पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे में मौजूद कपड़े के बैग की तलाशी ली गई। बैग के अंदर चार थैलियों में भरा कुल 10 किलो 150 ग्राम मादक पदार्थ अफीम बरामद हुआ। पुलिस ने अफीम को जब्त कर लिया। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 51 लाख रुपये आंकी गई है।

मामले में पुलिस थाना नीमच कैंट पर अपराध क्रमांक 425/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण कायम किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।

अफीम के स्रोत और नेटवर्क की तलाश

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से जब्त अफीम के स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है। विवेचना के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी मात्रा में अफीम कहां से आई और इसे राजस्थान ले जाने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था। पुलिस संभावित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक सौरभ शर्मा, उप निरीक्षक जाकिर हुसैन मंसुरी, आरक्षक अंकित मौढ, आरक्षक अल्पेश बैरागी, आरक्षक सुरेश माली, आरक्षक रामनारायण एवं आरक्षक भानुप्रताप सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

चार दिन से लापता युवक का शव नदी के पास मिला

Mon Aug 17 , 2026
रीवा, जिले के मनगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलवा नदी के पास सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चार दिन से लापता एक 28 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ. मृतक की पहचान विनीत साकेत 28 वर्ष, पिता छोटेलाल साकेत निवासी पथरहा के रूप में हुई […]

You May Like