
इंदौर. यातायात पुलिस की चैकिंग के दौरान एक चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल पकड़ी गई. नो एंट्री पॉइंट पर मंगलवार सुबह टीम वाहनों की जांच कर रही थी, तभी एक बाइक संदिग्ध लगने पर रोकी, जिसमें वाहन पर लगी नंबर प्लेट गलत होने पर चेक किया तो पाया यह वाहन चोरी का है.
भंवरकुंआ चौराहे के पास सूबेदार अशोक भार्गव और आरक्षक संदीप जाट, देवी सिंह और पवन अंब के साथ चैकिंग कर रहे थे, इसी दौरान एक बुलेट सवार को रोका, शंका होने पर मोटरसाइकिल के चेसिस नंबर का मिलान कराया, जो नंबर प्लेट से मेल नहीं खा रहा था. इसके बाद पीओएस मशीन से जांच की तो वाहन का वास्तविक नंबर एमपी 09 वीवी 3026 पाया गया. सिस्टम में चेक करने पर पाया गया कि इस नम्बर के वाहन की विजय नगर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज है. इस पर सूबेदार ने बुलेट के असली मालिक को फोन पर बताया तो उसने अपने वाहन के चोरी होने की पुष्टि की. इसके बाद मौके से बाइक और संदिग्ध युवक को सूचना देकर भवरकुआं पुलिस के सुपुर्द कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
