मुंबई, 09 दिसंबर (वार्ता) रिजर्व बैंक ने वाणिज्यिक बैंकों से रेपो दरों में की गयी कटौती का लाभ ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए कहा है।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने मंगलवार को सार्वजनिक बैंकों और चुनिंदा निजी बैंकों के प्रबंध निदेशकों एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ यहां एक बैठक की। इसमें आरबीआई के डिप्टी गवर्नर टी. रबी शंकर, स्वामीनाथन जे., डॉ. पूनम गुप्ता और एस.सी. मुर्मू तथा कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
श्री मल्होत्रा ने बैंकों से कहा कि रिजर्व बैंक ने इस कैलेंडर वर्ष में अब तक चार बार में रेपो दर में 1.25 प्रतिशत की कटौती की है। इसके साथ प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल का परिणाम ऋण की लागत में कमी के रूप में सामने आना चाहिये और दक्षता बढ़नी चाहिये ताकि वित्तीय समावेशन बढ़ सके।
बैंकिंग सेक्टर की मजबूती का जिक्र करते हुए आरबीआई गवर्नर ने कहा कि उन्हें आत्मतुष्टि का शिकार नहीं होना चाहिये और सतत गतिशील माहौल में हमेशा सतर्क रहना चाहिये।
उन्होंने ग्राहक सेवा की गुणवत्ता में सुधार करने और उनकी शिकायतों के समाधान में तत्परता की जरूरत पर जोर दिया। डिजिटल धोखाधड़ी को बढ़ते जोखिम को रेखांकित करते हुए उन्होंने इंटेलिजेंस पर आधारित सुरक्षा उपायों पर जोर दिया।
