श्योपुर: विजयपुर थाना क्षेत्र में खेत पर सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की जंगली जानवर के हमले में मौत हो गई। मृतक की पहचान विजयपुर निवासी लक्खू राम पिता जग्गू राम राठौर के रूप में हुई है। लक्खू राम प्रतिदिन की तरह रात में अपने घर से खेत पर सोने गए थे। उनका खेत मखना का पूरा के नीचे ताल वाले क्षेत्र में स्थित है, जहां अक्सर जंगली जानवरों का आना-जाना रहता है। जब बुजुर्ग घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई।
खेत पहुंचने पर उन्होंने देखा कि बुजुर्ग का शव खून से लथपथ पड़ा था। उनके शरीर पर गहरे घाव मिले, जिससे अज्ञात जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किस जानवर ने किया था। घटना की सूचना मिलते ही विजयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है।
