बनखेड़ी में आरओबी का धीमा निर्माण बना मुसीबत; बारिश के कीचड़ में फंसे 50 गांवों के लोग

बनखेड़ी: नगर परिषद बनखेड़ी में स्टेट हाईवे-22 पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का धीमा निर्माण कार्य अब आमजन के लिए बड़ी मुसीबत बनता जा रहा है। बारिश शुरू होते ही निर्माण स्थल पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन गई है। समय रहते वैकल्पिक सर्विस रोड का निर्माण नहीं किए जाने से स्कूली छात्र-छात्राओं, रेल यात्रियों और आसपास के 50 से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों, बाजार आने वाले ग्रामीणों और शासकीय कार्यालयों में कार्य से आने-जाने वाले लोगों को घंटों तक जूझना पड़ रहा है। बारिश के कारण स्थिति और अधिक विकट हो गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों और नगरवासियों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग ने मानसून से पहले सर्विस रोड की व्यवस्था नहीं की, जबकि इसकी आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। लोगों का कहना है कि यदि समय पर वैकल्पिक मार्ग तैयार कर दिया जाता तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

इधर, स्थानीय नागरिक रेलवे स्टेशन तक सुगम पहुंच और नगर के दोनों हिस्सों के बीच निर्बाध आवागमन के लिए अंडरपास निर्माण की मांग भी लगातार उठा रहे हैं।
इस संबंध में नागरिकों द्वारा हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की गई है। लोगों का कहना है कि जब तक ओवरब्रिज का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक सुरक्षित सर्विस रोड और स्थायी समाधान के रूप में अंडरपास की व्यवस्था की जानी चाहिए।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से शीघ्र हस्तक्षेप कर सर्विस रोड का निर्माण कराने तथा आवागमन की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में लोगों को राहत मिल सके।

Next Post

घुवारा सीएचसी में आधी रात को हंगामा: डॉक्टरों और नर्सों के साथ मारपीट, अस्पताल में तोड़फोड़

Fri Jul 3 , 2026
घुवारा: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बीती रात करीब एक बजे उस समय हंगामा हो गया, जब सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और कर्मचारियों का आरोप है कि घायल के साथ आए लोगों ने अस्पताल में घुसकर डॉक्टरों, […]

You May Like