
भोपाल: मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। कांग्रेस ने दस्तावेज़ी प्रमाणों के साथ गंभीर गड़बड़ियों की शिकायत उप जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपी है, जिसमें नरेला विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर चौंकाने वाले तथ्य उजागर हुए हैं। जांच के दौरान एक ही पते पर 108 मतदाताओं के नाम दर्ज पाए गए, जबकि मौके पर बूथ लेवल अधिकारी को केवल चार लोग ही मिले। इसके बावजूद सभी मतदाताओं का वेरिफिकेशन “कंप्लीट” दिखाया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी हालिया आंकड़ों में भी इन केंद्रों पर भारी विसंगतियों की पुष्टि हुई है। कांग्रेस की ओर से सौंपी गई सूची का अवलोकन करने के बाद उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी त्रुटियों में संशोधन के बाद ही अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने विरोध प्रदर्शन के दौरान विधानसभा क्षेत्र में पाई गई ऐसी ही गड़बड़ियों से जुड़े सैकड़ों आवेदन जिला प्रशासन को सौंपे। उन्होंने कहा कि “यह तो सिर्फ ट्रेलर है, पूरी तस्वीर केंद्रीय चुनाव आयोग की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद सामने आएगी।”
कांग्रेस प्रतिनिधियो के अनुसार करोंद, छोला, अशोका गार्डन, अन्ना नगर और रचना नगर जैसे क्षेत्रों में कई पते ऐसे मिले हैं जहां एक ही पता पर 100 से अधिक मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। फिजिकल वेरिफिकेशन के दौरान लगभग 25 प्रतिशत मतदाता अपने पंजीकृत पते पर मौजूद नहीं पाए गए। इस मौके पर युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
