
इंदौर. मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त उन फरार आरोपियों पर कार्रवाई फिर तेज होने जा रही है, जिन पर करीब एक साल पहले इनाम घोषित किया था. नारकोटिक्स डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को इन तस्करों को हर हाल में पकड़ने और समय सीमा में प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं. आदेश का पालन नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
नारकोटिक्स डीआईजी महेशचंद्र जैन ने बताया कि 15 तस्कर लंबे समय से कानून से बचते फिर रहे हैं. इनमें कई आरोपी खरगोन, बड़वानी, नीमच, मंदसौर, धार और इंदौर के रहने वाले हैं. एजेंसी के पास उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार कुछ तस्कर 5 साल से तो कुछ 7 साल से फरार हैं. इनके संभावित ठिकानों पर पुलिस समय समय पर छापामार कार्रवाई करती रही है, लेकिन अब तक इनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. जिसके चलते अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि दिसंबर माह तक पुराने लंबित मामलों का निराकरण हर हाल में पूरा किया जाए और फरार तस्करों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए.
