ग्वालियर:इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने वर्ष 2024-25 के लिए आईएमए ग्वालियर शाखा के अध्यक्ष डॉ. बृजेश सिंघल को स्थानीय शाखा के सर्वश्रेष्ठ निर्वाचित अध्यक्ष की श्रेणी में आईएमए राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशंसा पुरस्कार के लिए चुना है। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, चिकित्सा सेवाओं में नवाचार और समाज हित के प्रति निरंतर समर्पण के लिए दिया जा रहा है।
डॉ. सिंघल को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार आईएमए नैटकॉन-2025 के दौरान प्रदान किया जाएगा, जो आगामी 27 दिसंबर को अहमदाबाद में आयोजित होने जा रहा है। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से प्रख्यात चिकित्सक, विशेषज्ञ और विभिन्न राज्यों की आईएमए शाखाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
आईएमए पदाधिकारियों ने बताया कि डॉ. सिंघल ने अपने कार्यकाल के दौरान ग्वालियर शाखा में कई महत्वपूर्ण पहल शुरू कीं, जिनमें चिकित्सा जागरूकता कार्यक्रम, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां और चिकित्सक समुदाय के हितों की रक्षा हेतु कई प्रभावी कदम शामिल हैं। उनके नेतृत्व में शाखा ने न केवल स्वास्थ्य जागरूकता को नई दिशा दी, बल्कि समाज के स्वास्थ्य संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए।
