मणिपुर में मादक पदार्थों की भारी खेप बरामद, कई गिरफ्तार

इंफाल, 07 दिसंबर (वार्ता) सुरक्षा बलों और मणिपुर पुलिस ने उगाही, धमकी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाये गये राज्यव्यापी अभियान में कई गिरफ्तारियाँ की हैं।

पुलिस ने रविवार को बताया कि 5 दिसंबर को मणिपुर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और असम राइफल्स की एक संयुक्त टीम ने जिरीबाम जिले के लेइंगंगपोक्पी गाँव में एक टोयोटा फॉर्च्यूनर को रोककर उसमें अवैध सामग्री ले जाने के संदेह में दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान असम के रानीघाट निवासी राजीब हुसैन मजूमदार और असम के दुबांग निवासी सहर आलम मजूमदार के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान अधिकारियों को याबा सिंथेटिक मादक टैबलेट की भारी खेप मिली। करीब 5.184 किलोग्राम की लगभग 50,000 टैबलेट वाहन से बरामद की गयी। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी ये मादक पदार्थ मणिपुर में ले जा रहे थे। तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहन को जब्त कर लिया गया है और टैबलेट के स्रोत और उनके संभावित प्राप्तकर्ताओं का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है।

इस बड़े ड्रग मामले के अलावा, सुरक्षा बलों ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में संगठित गैरकानूनी गतिविधियों से जुड़े कई आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। शनिवार को थौबल जिले के हीरोख पार्ट-2 क्षेत्र से एक व्यक्ति को पकड़ा गया। उसी दिन एक अन्य व्यक्ति को कैरेंबिखोक सैकों लाबिक इलाके से हिरासत में लिया गया। इन कार्रवाइयों के दौरान मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए गए।

इसके अतिरिक्त, बिष्णुपुर, थौबल, इंफाल पश्चिमऔर काकचिंग जिलों में चलाए गए अभियानों में भी गिरफ्तारियाँ हुईं।

 

Next Post

यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं में हुये बदलाव

Sun Dec 7 , 2025
प्रयागराज, 07 दिसंबर (वार्ता ) उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में इस बार उत्तर पुस्तिकाओं में दो अहम बदलाव किए गए हैं। अभी तक उत्तर पुस्तिका में महज एक कवर पेज होता रहा है जिस पर परीक्षार्थी अपना पूरा विवरण लिखता था। […]

You May Like