ग्वालियर: एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना न्यू कॉलोनी घोसीपुरा मुरार की है। ससुराल पक्ष के लोग उसे फंदे से उतारकर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। मायका पक्ष जब अस्पताल पहुंचा तो महिला का शव स्ट्रेचर पर पड़ा था। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद महिला का पति अस्पताल में शव को छोड़कर भाग गया। घटना का पता चलते ही पुलिस हॉस्पिटल पहुंची। शव को निगरानी में लेकर मर्ग कायम कर लिया है।
ग्वालियर के पिछोर गढ़ी निवासी 20 वर्षीय शालिनी पुत्री देवेन्द्र सिंह राणा का विवाह 27 मई 2025 को मुरार के न्यू कॉलोनी घोसीपुरा निवासी अनुराग सिंह राणा से हुआ था। अनुराग एक प्राइवेट स्कूल का संचालन करते हैं। शुक्रवार दोपहर को शालिनी के ससुर सतेन्द्र सिंह राणा की नजर पड़ी कि बहू ने फांसी लगा ली है। ससुर ने तत्काल देवेन्द्र सिंह को कॉल कर बताया कि शालिनी ने फांसी लगा ली है और वह उसे लेकर ट्रॉमा सेंटर आ गए हैं और तुम भी वहां आ जाओ।
घटना का पता चलते ही उन्होंने अपने दामाद मीरेन्द्र निवासी जीवाजी नगर को कॉल किया। कॉल मिलते ही मीरेन्द्र ट्रॉमा सेंटर पहुंचा। यहां पर शालिनी का शव स्ट्रेचर पर पड़ा हुआ था। मामले की सूचना पुलिस को दी, तो पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया। छह माह पहले शादी हुई थी शादी बताया गया है कि मृतका का विवाह छह माह पूर्व हुआ था और ससुराल पक्ष की मांग पर तीस लाख रुपए की शादी की थी। पर उसके बाद भी शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग शालिनी को कार के लिए परेशान कर रहे थे, जबकि शादी में कैश के साथ ही कार भी दी थी, जिसे उन्होंने बेटी के नाम पर किया था।
