ग्वालियर: ग्वालियर चंबल अंचल में ठंड का दूसरा और तेज दौर शुरू होने वाला है। उत्तर भारत में सक्रिय हो रहे एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज 6 दिसंबर से चंबल क्षेत्र के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 से 72 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे कई इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी और कुछ जिलों में शीतलहर की स्थिति भी बन सकती है।
नए मौसमी बदलाव का सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल संभाग में देखने को मिल रहा है। यहां सुबह घना कोहरा छाने और दिन में ठिठुरन बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने ग्वालियर, दतिया, मुरैना और श्योपुर में कोल्ड वेव या कोल्ड डे जैसी स्थिति बनने की चेतावनी दी है। इन इलाकों में रात का पारा सामान्य से काफी नीचे जा सकता है। कल 7 दिसंबर की सुबह यहां विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम हो सकती है, जिसका असर यातायात पर पड़ेगा।
मौसम विभाग ने कहा है कि सुबह और शाम के समय गर्म कपड़े पहनकर ही बाहर निकलें। विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और सांस या हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है। वाहन चालकों को भी घने कोहरे में लो-बीम हेडलाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
