जबलपुर:गोसलपुर थाना अंतर्गत बस स्टैंड स्थित पाठशाला परिसर में हथियारों से लैस डकैतों ने एसबीआई बैंक की एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर पिकअप वाहन मेें ले जाने का प्रयास किया। जबकि बरनू तिराहा में लगे एक और एसबीआई बैंक एटीएम से नगदी उड़ाने के उद्देश्य से तोडफ़ोड़ की है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मौके से पिअअप जब्त की तो पता चला कि आरोपियों ने पहले पिकअप चुराई थी। इसके बाद वे एटीएम मशीनों में सेंध लगाने पहुंचे थे।
पुलिस के मुताबिक बृजेश दुबे पिता चन्द्रभान दुबे 42 साल निवासी हाऊस नं.4 चौरसिया टेन्ट हाऊस के पीछे न्यू शास्त्री नगर, बाजनामठ चौक तिलवारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह हिताची प्राईवेट कम्पनी में चैनल एक्जक्यूटिव के पद पर जबलपुर में कार्यरत है। कंपनी एटीएम मशीन के रखरखाव का कार्य करती है। हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का एक एसबीआई बैंक का एटीएम गोसलपुर बस स्टैंड में लगा है।
गुरूवार-शुक्रवार की दरमियानी 1:30 बजे से 2 बजे के बीच अज्ञात लुटेरोंं द्वारा एटीएम मशीन को बलपूर्वक उखाड़ लिया और अपने साथ ले जाने का प्रयास किया है। एटीएम में लगे कैमरे और गलियारा को भी नुकसान पहुंचाया है। इसी प्रकार गोसलपुर अन्तर्गत ग्राम बरनू तिराहा में लगे एक और एसबीआई बैंक एटीएम मेें भी अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एटीएम मशीन की स्क्रीन को नुकसान पहुंचाया गया है।
गैस कटर से काटा, लोडिंग वाहन में लोड करने की कोशिश आरोपी बस स्टैंड स्थित पाठशाला परिसर में हथियारों से लैस होकर पहुंचे उन्होंने वहां लगे एसबीआई बैंक की एटीएम मशीन को गैस कटर से काटकर ले जाने का प्रयास किया। आरोपी जब मशीन को काटकर वाहन में लोड करने की कोशिश में लगे थे तभी स्थानीय नागरिकों ने देख लिया और वह जोर जोर से चिल्लाने लगे। आरोपियों को भगाने पथराव भी किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों की संख्या पांच से अधिक बताई जा रही है।
वीडियो हुए वायरल
पुलिस आरोपियों की शिनाख्तगी के प्रयास कर रही है सीसीटीव्ही कैमरों को भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी वीडियो बनाये जो वायरल हो गए। जिसमें आरोपियों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही है। इस वारदात के बाद पुलिस गश्त पर भी सवाल उठ गए है।
बुढागर से चोरी हुई थी पिकअप
पुलिस के मुताबिक स्थानीय नागरिकों के शोर मचाने पर आरोपी पिकअप, मशीन को छोडक़र भाग गए। पुलिस ने पिकअप जब्त की। वहीं पुलिस सूत्रों के मुताबिक रोशन चौरसिया निवासी ग्राम बुढागर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कि वह टेन्ट हाऊस का संचालन करता है उसकी सफेद रंग की पिकअप लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी 20 जीए 7795 करीब 4-5 दिन से आर्डर ना होने पर हनुमान मढिया के सामने मैदान मेन रोड बुढागर में खडा था। बुधवार रात्रि दस बजे देखा तो पिकअप खड़ा था। शुक्रवार सुबह सात बजे सोकर उठा तो देखा कि पिकअप नहीं था। अज्ञात चोर चुराकर ले गया। जांच में यह बात सामने आई कि चोरी गए पिकअप से ही आरोपी एटीएम में तोडफ़ोड़ करने पहुंचे थे
