चितरंगी: कोरेक्स कारोबार पर सख्ती के दावों के बीच चितरंगी थाना क्षेत्र में हालिया कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, यूपी के घोरावल क्षेत्र से चितरंगी की ओर कोरेक्स सिरप की अवैध आपूर्ति का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह थाना पुलिस ने कथित रूप से पाँच से छह व्यक्तियों को संदिग्ध रूप से कोरेक्स सिरप के साथ हिरासत में लिया था।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि दिन समाप्त होते-होते दर्ज की गई एफआईआर में केवल दो लोगों के नाम शामिल किए गए। शेष तीन से चार व्यक्तियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने न आने से क्षेत्र में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।सूत्रों का कहना है कि हिरासत में लिए गए कुछ व्यक्तियों को छोड़ने को लेकर विभिन्न दावे किए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
मामले की पुष्टि के लिए थाना प्रभारी से बातचीत का प्रयास किया गया, मगर संपर्क नहीं हो सका। इससे हालिया कार्रवाई को लेकर कई प्रश्न अनुत्तरित ही बने हुए हैं।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से कोरेक्स व अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध समय-समय पर कार्रवाई होती रही है, लेकिन हर कार्रवाई के बाद दर्ज मामलों और हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या को लेकर अक्सर अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं। इसी कारण अब लोगों में यह चर्चा है कि क्या कार्रवाई का स्वरूप व प्रक्रिया स्पष्ट रूप से सामने आ रही है या नहीं।
