भोपाल-जबलपुर के बीच 255 Km ग्रीन फील्ड हाईवे का होगा निर्माण, 60 हजार करोड़ से अधिक की सड़क परियोजनाओं की सौगात

जबलपुर:मध्यप्रदेश को शनिवार को बड़ी सौगात मिली जब केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भोपाल से जबलपुर के बीच 255 किलोमीटर लंबे ग्रीन फील्ड हाईवे सहित 60 हजार करोड़ रुपए से अधिक की सड़क परियोजनाओं की घोषणा की।मध्यप्रदेश के सड़क विकास को नई गति देते हुए केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने जबलपुर में आयोजित समारोह में प्रदेश को 60 हजार करोड़ रुपए से अधिक की सड़क परियोजनाओं की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 4250 करोड़ रुपए लागत की 174 किलोमीटर लंबी 9 सड़कों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें देश का सबसे बड़ा दमोह नाका-रानीताल-मदनमहल-मेडिकल रोड फ्लाईओवर शामिल है।

केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने ऐलान किया कि भोपाल से जबलपुर के बीच 255 किलोमीटर लंबा नया ग्रीन फील्ड हाईवे बनाया जाएगा, जिसकी लागत 15 हजार करोड़ रुपए होगी। इसकी डीपीआर दिसंबर तक तैयार कर ली जाएगी और भूमि अधिग्रहण पूर्ण होने के बाद अप्रैल-मई 2026 से निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने बताया कि लखनादौन से रायपुर तक 220 किलोमीटर लंबा हाईस्पीड कॉरिडोर 10 हजार करोड़ रुपए से बनेगा, जो रायपुर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर से जुड़कर मध्यप्रदेश को सीधे बंदरगाह से कनेक्ट करेगा। साथ ही भोपाल-इंदौर 160 किलोमीटर ग्रीन फील्ड कॉरिडोर को भी मंजूरी मिली है।

प्रदेश में 3 लाख करोड़ रुपए की सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है, जिनमें से 75 हजार करोड़ के कार्य पूर्ण हो चुके हैं और 65 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट निर्माणाधीन हैं। उज्जैन, जबलपुर और रीवा में नए फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। उज्जैन में 510 करोड़ रुपए की लागत से सड़क और फ्लाईओवर का निर्माण होगा।
जबलपुर से मंडला और छत्तीसगढ़ सीमा तक 150 किलोमीटर सड़क 2500 करोड़ रुपए में चौड़ी की जाएगी।

सिवनी-छिंदवाड़ा-सावनेर मार्ग का भी चौड़ीकरण होगा। सबसे महत्वपूर्ण, मध्यप्रदेश में टाइगर कॉरिडोर बनाया जाएगा, जो कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और पेंच टाइगर रिजर्व को जोड़ेगा। इससे पर्यटन और रोजगार को नया आयाम मिलेगा।गडकरी ने कहा कि हाइड्रोजन भविष्य का ईंधन है, जिससे भारत ऊर्जा का निर्यातक बनेगा। हमारा सपना है कि गांव का युवा गांव में ही रोजगार पाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गडकरी जी के नेतृत्व में प्रदेश को कभी भी अधोसंरचना विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी गई है।

Next Post

शनि पर्वत पर 6 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, मुरैना के एति पर्वत पर लगा विशाल मेला

Sat Aug 23 , 2025
मुरैना: शनि अमावस्या पर आज मुरैना के शनिचरा पर्वत स्थित प्राचीन शनि मंदिर में विशाल मेले का आयोजन किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और अब तक करीब 6 लाख श्रद्धालु भगवान शनि के दर्शन कर चुके हैं।लोक मान्यताओं के अनुसार यह वही स्थान है, जहां […]

You May Like