
भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य को भारी कर्ज में डुबोकर जनता के पैसे को राजनीतिक आयोजनों और विदेश यात्राओं पर बर्बाद किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में प्रति व्यक्ति कर्ज 60,000 रुपये तक पहुँच चुका है और सरकार हर दिन 165 करोड़ रुपये का नया कर्ज ले रही है, जबकि आम आदमी दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहा है।
पटवारी ने कहा कि सरकार के भव्य आयोजनों का खर्च भी कर्ज के पैसों से चल रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए कर्ज लिया जा रहा है। माइक, टेंट और भीड़ कर्ज के पैसों से जुटाई जा रही है।
पटवारी ने पूछा, ऐसा कैसा प्रदेश बना रहे हैं जहां किसान फसल के दाम के लिए परेशान हैं और सरकार कर्ज लेकर फिजूलखर्च कर रही है?
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता जनता नहीं, बल्कि राजनीतिक विलासिता है।
