
सिंगरौली। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पुराना एनएच-75 ई के सीधी-सिंगरौली मार्ग स्थित खाखन पुलिया के माइनर ब्रिज एवं एप्रोच मार्ग से भारी वाहनों के आवागमन की अनुमति पुन: बहाल कर दी गई है। 30 अगस्त को अत्यधिक वर्षा एवं नदी के तेज बहाव के कारण एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त होने पर सुरक्षा की दृष्टि से भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर यातायात को वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जा रहा था। क्षतिग्रस्त हिस्से का आवश्यक पुनर्स्थापन कार्य पूर्ण होने के बाद अथॉरिटी इंजीनियर द्वारा स्थल का निरीक्षण कर भारी वाहनों के आवागमन के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी किया गया है।
अब सामान्य भारी वाहनों का आवागमन खाखन पुलिया से किया जा सकेगा। हालांकि ओवर डायमेंशनल कमर्शियल एवं ओवरलोड वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा तथा ऐसे वाहनों के लिए सक्षम प्राधिकारी से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। भारी वाहनों के आवागमन की अनुमति बहाल होने से सिंगरौली से सीधी एवं रीवा की ओर जाने वाले वाहनों को राहत मिलेगी और वैकल्पिक मार्ग से होने वाले अतिरिक्त आवागमन से निजात मिलेगी। कलेक्टर गौरव बैनल ने संबंधित अधिकारियों को खाखन पुलिया एवं एप्रोच मार्ग की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा शेष निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मार्ग की गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य पूर्ण करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
